रायपुर के सिलतरा में गोदावरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड में हादसा सहायक महाप्रबंधक सहित 6 की मौत.. छह घायल 2 की हालत चिंताजनक…
रायपुर में गोदावरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड फैक्ट्री में 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल लाने की तस्वीर।

रायपुर के सिलतरा में गोदावरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को लोहे की गर्म चीज गिरने से सहायक महाप्रबंधक सहित 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। 6 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल लाया गया है। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि मेंटनेंस के दौरान हादसा हुआ। छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, यूपी, बिहार और आंध्र प्रदेश समेत अलग-अलग राज्य के कर्मचारी काम कर रहे थे। 5 घायलों से वे मिले वे अब ठीक हैं। कुछ को ज्यादा चोटें आई हैं।

वहीं निजी स्टील प्लांट के अंदर पुलिस के आलाधिकारी समेत SDM, TI मौजूद रहे।
धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा स्थित गोदावरी पावर इस्पात में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के अंदर टेंपरेचर कंट्रोल मशीन का मुआयना करने पहुंचे मजदूरों पर अचानक लोहे का भारी शेड गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में करीब आधा दर्जन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा शाम करीब चार बजे हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सूत्रों के मुताबिक, टेंपरेचर कंट्रोल मशीन में तकनीकी खामी आ गई थी। मेंटेनेंस कार्य के बाद मशीन चालू नहीं होने पर मजदूर और तकनीकी अधिकारी जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान ऊपर से कंट्रोल होने वाला शटर बंद नहीं हुआ और अचानक लोहे का बड़ा शेड नीचे गिर पड़ा। शेड बेहद गर्म था, जिससे कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में अधिकारी वर्ग के लोग भी शेड की चपेट में आए होने की आशंका है।

सिलतरा फैक्ट्री हादसे में 6 श्रमिकों की मौत, कई घायल – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक
राजधानी रायपुर के सिलतरा स्थित फैक्ट्री में आज हुए दर्दनाक हादसे में 6 श्रमिकों की मृत्यु हो गई तथा कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।


