सेल स्थापना दिवस-2026 पर साधना सरगम की सुरीली प्रस्तुति ने मोहा भिलाई के श्रोताओं का मन
भिलाई नगर 26 जनवरी 2026:- सेल स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 24 जनवरी 2026 की संध्याकाल भिलाई क्लब स्थित रॉयल क्रिस्टल गार्डन में एक भव्य संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में बॉलीवुड की प्रसिद्ध एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पार्श्वगायिका सुश्री साधना सरगम ने अपनी सुमधुर गायकी से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र) चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पी.के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) कमल भास्कर, तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार, सपत्निक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अध्यक्ष (सेफी एवं बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन) एन.के. बंछोर, महासचिव (बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन) अंकुर मिश्रा सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी, पूर्व कर्मचारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में भिलाई व निकटवर्ती क्षेत्रों के संगीत प्रेमी भी उपस्थित रहे।
अपने मधुर एवं प्रभावशाली स्वरों के लिए प्रख्यात सुश्री साधना सरगम ने मुंबई से आए अपने दस सदस्यीय संगीत दल के साथ हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गीतों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं के गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम स्थल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा और देर रात तक चले इस संगीतमय आयोजन में दर्शकों ने हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर दर्शकों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का अभिनंदन किया।





