शासकीय अस्पताल सुपेला में दबंगई करने वाले भाजपा नेता के पुत्र सहित 03 आरोपी गिरफ्तार… चिकित्सको के साथ मारपीट व तोड़फोड़ करने का मामला… इलाज के पर्ची बनाने को कहा तो वार्ड बॉय और पुलिस जवान को पीटा….महिला चिकित्सक से बदतमीजी कर किया परिसर में तोडफोड

IMG_20240924_184015.jpg

भिलाई नगर 24 सितंबर 2024:- शासकीय अस्पताल सुपेला में दबंगई करने वाले भिलाई- चरोदा के वरिष्ठ भाजपा नेता के पुत्र सहित  03 आरोपी गिरफ्तार… चिकित्सको के साथ मारपीट व तोड़फोड़ करने का मामला सुपेला पुलिस की सक्रियता से पकड़ाये आरोपी घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन जप्त की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी फरार बताए जाते हैं घटना मंगलवार की सुबह 5 से 6 बजे के बीच की बताई जाती है आरोपियन इस दौरान अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ किया और अस्पताल कर्मियों के साथ बदसलूकी   करते हुए सुरक्षा कर्मी के साथ धक्का मुक्की मारपीट की।

शासकीय अस्पताल के प्रभारी डॉ. पियाम सिंह शासकीय अस्पताल सुपेला थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि  24.09.2024 की सुबह करीबन 05:30 से 06:30 बजे के मध्य ऑन ड्यूटी उपस्थित चिकित्सक एवं कर्मचारियों के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए गाली गलौज करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाए है। मारपीट करने से ड्यूटी में तैनात शासकीय कर्मचारियों को चोटें आयी है। प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक   जितेन्द्र शुक्ला द्वारा गुण्डागर्दी करने वालो के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश प्राप्त है एवं  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर भिलाई)  सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक  भिलाई नगर  सत्यप्रकाश तिवारी के मार्ग दर्शन में सुपेला पुलिस द्वारा प्रार्थी / पीड़ितो द्वारा बताये हुलिए एवं फुटेज के आधार पर आरोपी अभय चौबे, गौतम सिंह एवं सागर पटेल को पकड़ा गया। आरोपियों से पुछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकर करते हुए अपने अन्य साथी गिनिश साहू एवं हरीश तारक उर्फ मुन्ना के साथ शासकीय अस्पताल सुपेला में घुसकर मारपीट कर शासकीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वीकर किये। आरोपियों को आज  24.09.2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया। प्रकरण में आरोपी गिनिश साहू एवं हरीश तारक उर्फ मुन्ना फरार है।

भाजपा नेता के पुत्र ने शास्त्री हॉस्पिटल में दोस्तों के साथ दिखाई दबंगई
00 इलाज के पर्ची बनाने कहा तो वार्ड बॉय और पुलिस जवान को पीटा
00 महिला चिकित्सक से बद्तमीजी कर किया परिसर में तोड़फोड़


चरोदा निवासी भाजपा नेता राजीव चौबे के बेटे अभय चौबे ने आज सुबह अपने चार दोस्तों के साथ सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल में जमकर दबंगई दिखाई है। इलाज के लिए नियम अनुसार पर्ची बनाने को कहने पर गुस्साए अभय और उसके साथियों ने पहले वार्ड बॉय और फिर हस्तक्षेप के लिए आए पुलिस जवान को पीटा। इतना ही नहीं महिला चिकित्सक से बद्तमीजी करते हुए तोड़फोड़ करते हुए हॉस्पिटल परिसर को नुकसान पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं अभय और एक युवक मौके से भाग निकलने में सफल हो गए।


जानकारी के अनुसार कभी पूर्व विधायक सांवला राम डाहरे के करीबी रहे भाजपा नेता राजीव चौबे का बेटा अभय चौबे ( 24 वर्ष ) अपने एक चोटिल दोस्त का इलाज कराने आज सुबह बिना नंबर की स्कार्पियो गाड़ी में सुपेला के शास्त्री हॉस्पिटल में आया। अभय के साथ गौतम सिंह राजपूत पिता सूर्यभान सिंह राजपूत ( 21 वर्ष ) शांति पारा गतवा तालाब पार भिलाई-3, सागर पटेल पिता स्वर्गीय रामलाल पटेल ( 20 वर्ष ) शांति पारा गतवा तालाब के पास भिलाई-3, मुन्ना निवासी भिलाई-3 एवं स्कोर्पियो का चालक गिरीश साहू पुरैना भिलाई-3 निवासी सुबह 6 बजे हॉस्पिटल पहुंचे। यहां पर वार्ड बॉय अंशु चौहान ने 23 नंबर काउंटर से पर्ची बनाकर लाने को कहा। यह बात अभय चौबे को नागवार गुजरी। दरअसल, अभय के पिता राजीव चौबे का नाम चरोदा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में सुमार है। वहीं जिला भाजपा की ओर से गठित चरोदा मंडल भाजयुमो में अभय खुद भी उपाध्यक्ष है। लिहाजा उसने तैश में आकर वार्ड बॉय से कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार है और बिना पर्ची बनाए ही इलाज होना चाहिए। वार्ड बॉय ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन अभय और उसके दोस्त हाथापाई में उतर गए। इस दौरान पुलिस कर्मी संगम ने भी आकर अभय और उसके दोस्तों को समझाने की कोशिश की। जब बात नहीं बनी तो संगम अपने वरिष्ठ अधिकारी को फोन लगाने लगा। यह देखकर अभय और उसके दोस्तों ने उससे भी मारपीट किया। इसके बाद अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने गौतम सिंह राजपूत, सागर पटेल और मुन्ना को हिरासत में लिया है। जबकि अभय और गिरीश साहू फरार बताए जा रहे हैं।
सुपेला हॉस्पिटल के अधीक्षक पीयाम सिंह ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित स्टाफ ने काम बंद कर दिया है। केवल इमरजेंसी को चालू रखा गया है। उन्होंने कहा कि कोलकाता कांड के बाद वैसे ही चिकित्सकीय स्टाफ अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में जिस तरीके की घटना आज यहां हुई है वह दुर्भाग्य जनक है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए।

बर्थडे पार्टी के दौरान विवाद की चर्चा

बताया जा रहा है कि 24 सितंबर यानी आज अभय का जन्मदिन है। आधी रात से ही वह दोस्तों के साथ बर्थडे मनाने लगा था। चर्चा है कि इस दौरान शराब के नशे में उनका झगड़ा हो गया। इसमें सागर को चोट आई थी, जिसका ड्रेसिंग कराने वो लोग शास्त्री हॉस्पिटल पहुंचे थे। अभय और उसके दोस्त जिस स्कार्पियो गाड़ी में आए थे उसमें नंबर प्लेट ब्लैंक है। नंबर प्लेट की जगह उपाध्यक्ष के पद विशेष का उल्लेख है। यहां पर यह बताना भी लाजिमी है कि चरोदा मंडल भाजपा में युवा मोर्चा की एक नहीं बल्कि दो – दो ईकाई काम कर रही है। जिला संगठन द्वारा समीर अग्रवाल को चरोदा मंडल भाजयुमो अध्यक्ष घोषित किया गया है। समीर के टीम में अभय उपाध्यक्ष है। जबकि मंडल कार्यकारिणी द्वारा अजय साहू को भाजयुमो का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना सुपेला से निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक मनीष बाजपेयी, प्र.आर. प्रकाशचन्द्र तिवारी, मनीष अग्निहोत्री, आरक्षक अजीत सिंह, रमेश जायसवाल का विशेष योगदान रहा।


scroll to top