भिलाई नगर 4 अक्टूबर 2023 / शहर की प्रसिद्ध हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के संस्थापक व समाजसेवी सेठ बीरा सिंग की चौथी पुण्यतिथि पर पावर हाउस स्थित एसबीएस हॉस्पिटल के पास एक श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 10 दिव्यांग जनों को इलेक्ट्रॉनिक ट्रायसिकल का वितरण किया गया। हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह छोटू ने इस मौके पर कहा कि उनके पिता सेठ बीरा सिंग ने अपने जीवन काल में उन्हें खूब मेहनत और गरीब जरूरतमंदों की सेवा करने का सबक दिया था।
3 अक्टूबर को सेठ बीरा सिंग की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सिक्ख समाज के साथ ही शहर के गणमान्य नागरिकों ने अपनी सहभागिता दी। सेठ बीरा सिंग ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में शून्य से शिखर तक पहुंचने की मिसाल पेश की थी। उन्होंने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी की स्थापना कर सफलता के कीर्तिमान स्थापित किए। बावजूद इसके बेशुमार दौलत का उनमें नाममात्र का भी घमंड देखने को नहीं मिला।






वे जीते जी जरुरतमंदों को हर तरह की मदद करते रहे। उनके कोहका स्थित निवास और ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज के कार्यालय से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता था। आज जब सेठ बीरा सिंग नहीं रहे तो उनके द्वारा स्थापित हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी और उनकी परम्परा व विरासत को उनका सुपुत्र इन्द्रजीत सिंह छोटू बखूबी आगे बढ़ा रहा है। सेठ बीरा सिंग की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह साफ देखने को मिला।








हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी की बागडोर संभाल रहे इन्द्रजीत सिंह छोटू ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर 10 दिव्यांग जनों को इलेक्ट्रॉनिक ट्रायसिकल भेंट की। इस दौरान सेठ बीरा सिंग की माता सहित धर्मपत्नी कुलवंत कौर, पुत्री हरजिंदर कौर व पुत्रवधू अमनदीप कौर विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इन्द्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि उनके पिता सेठ बीरा सिंग ने उन्हें अपने जीते जी जो सबक दिया था, उसका वे पालन कर रहे हैं।





उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि छोटू बेटा खूब मेहनत करना, मेहनत से कभी पीछे नहीं हटना और जितना हो सके गरीब जरूरतमंदों की सेवा करना। उन्होंने बताया कि एसबीएस हॉस्पिटल उनके पिता की स्मृति में हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस हॉस्पिटल में नो प्राफिट नो लॉश की सोंच के साथ कैम्प व आसपास की जनता को चिकित्सकीय लाभ प्रदान किया जा रहा है।





कार्यक्रम को वरिष्ठ श्रमिक नेता प्रभुनाथ मिश्रा, सिक्ख पंचायत के अध्यक्ष जसबीर सिंह चहल, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अचलजीत भाटिया, राजेन्द्र अरोरा, आरसी त्रिवेदी, एसपी सिंग, हरेन्दर यादव, महेन्द्र सिंह पप्पी, सत्येन्द्र शर्मा, सुखचैन सिंह सुक्खा, मलकीत सिंह लल्लू, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर सिंह सहित अनेक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, अलग-अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए सेठ बीरा सिंग के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार खिलावन सिंह चौहान ने किया



00 सैकड़ों युवाओं ने रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि
सेठ बीरा सिंग की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसबीएस हॉस्पिटल के माध्यम से रक्तदान शिविर लगाया गया था। यहां पर सैकड़ों युवाओं ने जरुरतमंदों के लिए रक्तदान कर सेठ बीरा सिंग को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्तदान शिविर में पहुंचे युवाओं का हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह छोटू ने सम्मान किया।




