छत्तीसगढ़ के 11 पुलिस अधिकारी होंगे सम्मानितः ASI को प्रेसिडेंट मेडल, IG रामगोपाल गर्ग, SP शशी मोहन सिंह,श्वेता सिन्हा, निवेदिता पाल, तारकेश्वर पटेल, जयलाल मरकाम,समेत 10 को मिलेगा पदक; वीरता पदक किसी को नहीं…

रायपुर 25 जनवरी 2026:- गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों को दिए जाने वाले प्रतिष्ठित पदकों की घोषणा कर दी गई है। इस साल छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/उप महानिरीक्षक शशि मोहन सिंह, रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, सेनानी निवेदिता पाल, सहायक पुलिस आयुक्त तारकेश्वर पटेल,छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल प्रथम वाहिनी सहायक सेनानी जयलाल मरकाम सहित 11 पुलिस अफसरों को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है।

छत्तीसगढ़ से रामअवतार सिंह राजपूत को प्रेसिडेंट मेडल से नवाजा गया है। वे वर्तमान में एएसआई के पद पर पदस्थ हैं। लंबे समय से अनुशासित सेवा और कर्तव्यनिष्ठ कार्य के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है। वहीं, इस बार किसी भी पुलिसकर्मी को वीरता पदक नहीं मिला है।


गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस तथा करेक्शनल सर्विसेज (सुधारात्मक सेवा) के कुल 982 अधिकारियों एवं कर्मियों को उनके असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वीरता एवं सेवा पदकों से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इसमें छत्तीसगढ़ के 11 अधिकारी शामिल हैं।





घोषित पुरस्कारों में 125 वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल), 101 विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक तथा 756 सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। वीरता पदक उन कर्मियों को प्रदान किए जाते हैं जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम अथवा संकट की घड़ी में अद्वितीय साहस का परिचय दिया। वहीं, सेवा पदक लंबे समय तक ईमानदारी, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए दिए जाते हैं।

वीरता पदक प्राप्त करने वाले कर्मियों में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों, जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर राज्यों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में तैनात जवानों की उल्लेखनीय भागीदारी रही है।

छत्तीसगढ़ का योगदान
राष्ट्रीय स्तर पर घोषित इन सम्मानों में छत्तीसगढ़ राज्य के पुलिस सेवा के अधिकारियों एवं कर्मियों को भी उनकी विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया है।

रामावतार सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक, छत्तीसगढ़ पुलिस
सराहनीय सेवा के लिए पदक
छत्तीसगढ़ पुलिस के निम्नलिखित अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक से सम्मानित किया गया है :
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदकः-
श्री रामावतार सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक, रक्षित केन्द्र, जिला धमतरी।
सराहनीय सेवाओं के लिए पदक :-
श्री रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज,
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़
श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण
श्रीमती राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, एटीएस, वि.शा, पु.मु. नवा रायपुर
श्रीमती निवेदिता पाल, सेनानी, 6 वीं वाहिनी, छसबल, रायगढ़
श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, सेनानी, 20 वीं वाहिनी, छसबल, महासमुंद
श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जिला पुलिस मध्य, पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय
सुश्री उनैजा खातून अंसारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विआशा, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर
श्री जयलाल मरकाम, सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी, छसबल, भिलाई
श्री हजारी लाल साहू, प्लाटून कमाण्डर, 20 वीं वाहिनी, छसबल, महासमुंद
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तचर अमित कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है



