
भिलाईनगर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद एससीईआरटी छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा लैंग्वेज एवं लर्निंग फ़ाउँन्डेशन के सहयोग से प्रारंभिक भाषा शिक्षण एवं बुनियादी साक्षरता और बहुभाषी शिक्षण पर तीन दिवसीय कार्यशालाएँ 25-27 नवंबर 2021 के दौरान एससीईआरटी रायपुर में आयोजित की गईं। इन कार्यशालाओं में प्रारंभिक भाषा शिक्षण एवं बहुभाषी शिक्षण के राज्य स्रोत समूह के सदस्यों ने हिस्सा लिया।



इन कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक भाषा शिक्षण एवं बुनियादी साक्षरता और बहुभाषी शिक्षण पर ब्लॉक स्रोत समूह के प्रशिक्षण हेतु राज्य स्रोत समूह की तैयारी करना था। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों कोबुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान के दस्तावेज के अनुसार राज्य स्तर पर भाषाई सर्वेक्षण के लिए आंकड़ों को एकत्र करने हेतु तैयार किए गए ऑनलाइन प्रपत्र से परिचित कराना और उन्हें आंकड़े एकत्र करने की जानकारी देना भी इस कार्यशाला का एक उद्देश्य था।



कार्यशाला के उद्घाटन सत्र के दौरान संचालक एससीईआरटी, राजेश सिंह राणा को स्रोत समूह के साथ अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। संचालक ने प्रतिभागियों को राज्य स्रोत समूह के सदस्य के रूप में चुने जाने की बधाई दी। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए संचालक इन कार्यशालाओं के उद्देश्यों को बताते हुए प्रतिभागियों से कहा कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों से ब्लॉक स्रोत समूह को प्रशिक्षण दिए जाने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रशिक्षण के आधार पर बच्चों को गुणवत्ता शिक्षा देने की बात कही।











