
भिलाईनगर। काँग्रेस के वरिष्ठ नेता व वैशाली नगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बृजमोहन सिंह को रिसाली नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी ने प्रभारी बनाया है। उनको मिली इस जिम्मेदारी से निगम के 40 वार्ड से काँग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में उत्साह का संचार हुआ है। प्रत्याशियों को उनके दीर्घकालीक चुनावी अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।



काँग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल बृजमोहन सिंह रिसाली नगर निगम चुनाव में काँग्रेस की जीत के लिए रणनीति तय करेंगे। इसके लिए उन्हें प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। प्रदेश काँगे्रस अध्यक्ष मोहन मरकाम के आदेश एवं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व भिलाई शहर जिला काँगे्रस अध्यक्ष मुकेश चन्द्राकर की अनुशंसा पर प्रदेश काँगे्रस प्रभारी महामंत्री संगठन चन्द्रशेखर शुक्ला ने बृजमोहन सिंह को रिसाली नगर निगम चुनाव की जिम्मेदारी दी है।



काँग्रेस नेता बृजमोहन सिंह लगभग तीन दशक से भी अधिक समय से काँग्रेस पार्टी के माध्यम से सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न चुनाव में काँग्रेस पार्टी के पक्ष में रणनीतिकार की भूमिका में काम किया। इस लिहाज से उन्हें चुनावी राजनीति का दीर्घ अनुभव है। माना जा रहा है कि, उनके इस अनुभव को देखते हुए पार्टी ने रिसाली नगर निगम में काँगे्रस का परचम लहराने की अहम जिम्मेदारी दी है। निगम क्षेत्र के 40 वार्ड से काँग्रेस के प्रत्याशियों में भी बृजमोहन सिंह को मिली जिम्मेदारी की खबर के बाद एक अलग तरह का जोश और उत्साह देखा जा रहा है।









