बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन

6.jpg


भिलाईनगर। संयंत्र के सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 में 26 दिसंबर 2021 को स्कूल प्रशासकों, शिक्षकों, छात्रों और पूर्व छात्रों ने मिलकर स्कूल की स्वर्ण जयंती मनाने के लिए स्कूल प्रांगण में दिनभर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया।


26 दिसंबर 2021 के शाम को स्कूल द्वारा आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने प्रधानाचार्य, स्कूल प्रशासकों, स्टाफ और छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, 50 साल पूरे करना वास्तव में स्कूल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 गौरवशाली अतीत वाला एक महान संस्थान है, जिसके छात्र देश के शीर्ष कॉलेजों और संस्थानों में प्रवेश पाते हैं। यह गौरव का विषय है कि उनमें से कुछ छात्र हमारे देश की रक्षा सेवाओं में भी शीर्ष पदों पर पदस्थ है। दासगुप्ता ने स्कूल प्रबंधन को सम्बोधित करते हुए कहा कि, मुझे इस बात का गर्व है कि इस स्कूल ने न केवल अपने छात्रों में उत्कृष्टता की ललक पैदा की है, बल्कि इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इस संस्था ने अपने छात्रों में समाज में किसी के प्रति पक्षपात न रखने का संस्कार भी डाला है।


मुख्य अतिथि दासगुप्ता द्वारा शैक्षणिक वर्ष 2020-21 के कक्षा 12वीं के मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा 12वीं के विभिन्न संकायों के जिन छात्रों को सम्मानित किया गया, उनमें शामिल हैं शरथ एस, (विज्ञान संकाय में प्रथम), सुप्रतिमा चौधरी (विज्ञान संकाय में द्वितीय), देवेश देवांगन (विज्ञान संकाय में तृतीय), आशीष जी बीजू (कला संकाय में प्रथम), सुऋतिका टी आर व सुमानसी मिश्रा (कला संकाय में द्वितीय), सुमानवी साहनी (कला संकाय में तृतीय)। आईआईटी, बिट्स, क्लैट, मेडिकल, निफ्ट के लिए क्वालीफाई करने वाले छात्रों को ईडी (एम एंड एचएस) डॉ एस के इस्सर ने सम्मानित किया। सर्वश्रेष्ठ कैडेट का पुरस्कार आयुष्मान दुबे ने प्राप्त किया और खेल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों को ईडी (एमएम) राकेश द्वारा सम्मानित किया गया। छात्रा सुचेतना साहू की पेंटिंग दासगुप्ता को भेंट की गई।


इस अवसर पर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के पूर्व छात्र संघ द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। वरिष्ठ पत्रकार और लेखक जाकिर हुसैन ने भिलाई में स्थापित शिक्षा के विकास पर एक प्रस्तुति दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीजीएम (आरएसएम) एम एम गद्रे और सीजीएम (टीएसडी) यू के झा उपस्थित थे।


scroll to top