12 जनवरी को होने वाले भिलाई निगम वार्ड समिति चुनाव पर भाजपा पार्षदों ने दर्ज करायी आपत्ति, बताया निगम अधिनिमय के प्रावधानों के विपरीत

IMG-20220111-WA0007.jpg


भिलाईनगर। भिलाई निगम में 12 जनवरी को जोन अध्यक्ष का चुनाव होना है। निगम क्षेत्र को कुल 5 जोन में बाँटा गया है। अध्यक्ष के चुनाव में क्षेत्रिय पार्षद मतदान करेंगे जबकि, नेहरू नगर जोन से चुँकि, सभापति गिरवर साहू बंटी चुनाव जीत कर आये हैं प्रावधान के अनुसार वे जोन 1 का पदेन अध्यक्ष होंगे। शेष 4 जोन वैशाली नगर, कैम्प मदर टेरेसा नगर, खुर्सीपार और टाउनशिप जोन में अध्यक्ष पद हेतु चुनाव होना है।


इस चुनाव को लेकर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति दर्ज करायी है। भाजपा के पार्षद पीयूष मिश्रा, दया सिंह, भोजराज सिन्हा, महेश वर्मा, विनोद सिंह, नोहर वर्मा, सहित अन्य पार्षदों का कहना है कि, 10 जनवरी को वार्ड समिति निर्वाचन के संबंध में सभी पार्षदों को सूचना भेजी गई है। सूचना के अनुसार 12 जनवरी को जोन चुनाव की प्रक्रिया होनी है जो कि, नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 37 में स्पष्ट की गई है कि, सभापति के निर्वाचन के 7 दिवस के भीतर महापरिषद का गठन होना है तत्पश्चात सलाहकार समिति का गठन होगा। इसके बाद ही वार्ड समिति अध्यक्ष का निर्वाचन किया जायेगा। परन्तु विहित प्रक्रिया के विपरीत वार्ड समिति अध्यक्ष का चुनाव कराया जा रहा है जो विधि विरूद्ध है।

पार्षदों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि, वे चाहते हैं कि, जोन अध्यक्ष का चुनाव अभी टाला जाये। वर्तमान स्थिति में चुँकि, जोन 1 नेहरू नगर से गिरवर साहू बंटी पदेन अध्यक्ष होंगे निगम अधिनियम में प्रावधान के अनुसार जो सभापति रहेगा वही अपने जोन का पदेन अध्यक्ष भी होगा इसलिए जोन 1 में चुनाव नहीं होना है। जोन 2 वैशाली नगर क्षेत्र से भाजपा के 6 पार्षद चुन कर आये हैं जबकि काँगे्रस के 5 और दो निर्दलीय पार्षद हैं। इनमें से एक निर्दलीय रामानंद मौर्य ने पूर्व में ही काँग्रेस को खुला समर्थन व्यक्त किया है वहीं दूसरी निर्दलीय अनिता साहू हैं। इस तरह काँग्रेसी खेमे में 7 पार्षद जुट सकते हैं जिससे यहाँ काँग्रेस का अध्यक्ष बनना तय है। काँग्रेस की ओर से नेहा साहू, शारदा राय के साथ ही रामानंद मौर्या के दावेदारी की प्रबल संभावना है।


जोन 3 मदर टेरेसा नगर जिसमें सम्पूर्ण कैम्प क्षेत्र आता है इस जोन मेें कुल 13 पार्षद हैं जिनमें भाजपा के 6, काँग्रेस के 4 और निर्दलीय 3 । दो निर्दलीय पार्षद जालंधर सिंह और इंजीनियर सलमान ने काँग्रेस को समर्थन दिया है। इस जोन में भी एक अन्य निर्दलीय का साथ मिला तो काँग्रेस अपना अध्यक्ष जीता सकती है। भाजपा भी यहाँ पर जोर नहीं लगायेगी ऐसा सोचना ठीक नहीं है।
जोन 4 खुर्सीपार से कुल 14 पार्षद चुनकर आये हैं जहाँ भाजपा और काँग्रेस 7-7 पार्षदों के साथ बराबरी पर हैं। यहाँ से काँग्रेसी खेमे से भूपेन्द्र यादव की दावेदारी की चर्चा है। वहीं भाजपा में भी कई दावेदार अध्यक्ष पद की उम्मीद में हैं। जो भी खेमा क्रॉस वोटिंग में सफल होगा उसका अध्यक्ष बनना तय है। जोन 5 टाउनशिप से 14 पार्षदों में मात्र पार्षद भाजपा से है। ऐसे में यहाँ काँग्रेस का अध्यक्ष बनना तय है।


scroll to top