कचरे के ढेर में पॉलीथिन खोल रही प्रतिबंध की पोल.. नगरीय निकायों की छापामारी में निरंतरता के अभाव से बढ़ी बेपरवाही…बाजार से लेकर शादी व अन्य समारोह में धड़ल्ले से हो रहा इस्तेमाल

IMG-20220131-WA0099.jpg

भिलाईनगर 01 फरवरी 2022:– शहर में पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। अलग-अलग इलाकों में बिखरे कचरे की ढेर में पॉलीथिन की भरमार इस पर लगाए गए सरकारी प्रतिबंध की पोल खोल रही है। नगरीय निकायों की छापामार कार्यवाही में निरंतरता के अभाव में लोगों की बेपरवाही पर विराम नहीं लग पा रहा है।

प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर नगर निगम और पालिकाओं में एक बार फिर सख्ती दिखाई दे रही है। भिलाई तथा भिलाई – चरोदा नगर निगम के द्वारा नई परिषद गठन के बाद कुछेक छापामार कार्यवाही की जा चुकी है।‌ पॉलीथिन के कैरी बैग और सिंगल यूज प्लास्टिक सामानों से पर्यावरण संरक्षण पर विपरीत असर पड़ने का हवाला देकर लोगों को दूसरे अनुकूल विकल्प के इस्तेमाल के लिए जागरूक किया जा रहा है। बावजूद इसके इस दिशा में लोगों की जागरूकता दिखाई नहीं पड़ रही है। दुकानों से लेकर ठेला और खोमचे वाले प्रतिबंधित पॉलीथिन पर ग्राहकों को सामान देने से बाज नहीं आ रहे हैं।

भिलाई – दुर्ग में कचरे का घर – घर संग्रहण किया जा रहा है।‌ इस सेवा में संलग्न स्वच्छता मित्रों द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का कचरा लेने से इंकार किया जाता है।‌ लिहाजा लोग ऐसे कचरे को निकासी नालियों में फेंक देते हैं।‌ इससे नालियां जाम होने से बारिश के वक्त परेशानी बढ़ जाती है। बाजार एरिया में सड़कों की सफाई के दौरान भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक गिलास और पानी पाउच के खाली रैपर निकल रहे हैं।

यहां पर यह बताना लाजिमी होगा कि निगम क्षेत्रों में मार्केट क्षेत्र और प्रमुख सड़कों की प्रतिदिन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित है। नाली सफाई को लेकर भी चरणबद्ध व्यवस्था निकायों की ओर बनाई गई है। इस दौरान निकलने वाले कचरे को मणिकंचन केन्द्र भेजने के पहले नजदीक के खुले स्थान में संग्रहित किया जाता है। ऐसे जगहों पर कचरे के ढेर में पॉलीथिन की मौजूदगी इस पर लगाए गए सरकारी प्रतिबंध को मुंह चिढ़ा रही है।

मदिरा प्रेमियों की पहली पसंद बनी सिंगल यूज प्लास्टिक

प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक मदिरा प्रेमियों की पहली पसंद बनी हुई है। इसका सबूत भिलाई – दुर्ग के सभी सरकारी शराब दुकानों के आसपास बिखरे कचरे से मिल रहा है। मदिरा प्रेमी पानी का पाऊच और सिंगल यूज प्लास्टिक के गिलास का इस्तेमाल कर वहीं फेंक जाते हैं। जिससे शराब दुकानों के आसपास और खुले मैदान पर सफेद कचरों का ढेर लगा हुआ है। प्रतिबंध लगाए जाने के शुरुआती दिनों में नगरीय निकायों की सख्ती के चलते मदिरा प्रेमी कागज के बने गिलास और पानी के बोतल का इस्तेमाल कर रहे थे। लेकिन अब सख्ती नरम पड़ने और कार्यवाही में निरंतरता नहीं रहने से एक बार फिर प्रतिबंध की धज्जियां उड़ाई जा रही है।


scroll to top