
भिलाईनगर। बीएसपी की कार्मिक व एवरेस्ट विजेता श्रीमति सविता धापवाल, महिला ट्रांस हिमालयन अभियान के तहत जल्द ही ऐसे महान पर्वतारोहियों के साथ होंगी, जिसमें माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली महिला पर्वतारोही श्रीमति बछेंद्री पाल जैसे व्यक्तित्व शामिल हैं। महिला ट्रांस हिमालयन अभियान जिसमें सभी पर्वतारोही महिलाएं शामिल हैं, के तहत अरुणाचल से काराकोरम तक हिमालय के 4,977 किलोमीटर की यात्रा तय की जायेगी।
सेल-भिलाई स्टील प्लांट में ओलंपियन सहित कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं जो बीएसपी के खाते में रहे हैं और कुछ आज भी हैं। उनमें से एक, सविता धापवाल ने पूरी तरह से एक अलग रास्ता चुना। उन्होंने एक कठिन, चुनौतीपूर्ण, साहसिक और खतरनाक खेल, पर्वतारोहण को अपनाया। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी जिस पर दुनिया भर के कई पर्वतारोही चढऩे का सपना देखते हैं, उस माउंट एवरेस्ट को 1993 में फतह करने के बाद श्रीमति धापवाल, जो अब पचास से अधिक आयु की हैं, उनमें अभी भी पहाड़ों में ट्रेकिंग करने का उत्साह व साहस रखती हैं।



फिट इंडिया मूवमेंट के साथ हाथ मिलाते हुए टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) द्वारा फिट@50+ महिला ट्रांस हिमालयन अभियान की शुरूआत की जा रही है, जिसने श्रीमति सविता धापवाल को एक नया अवसर दिया है जिसकी उन्हें तलाश थी। इस अभियान की शुरूआत 8 मार्च 2022 से की जायेगी। विदित हो कि वर्तमान में श्रीमति सविता धापवाल सेल-बीएसपी के इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर 6 में लेक्चरर पद पर कार्यरत है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर यह अभियान फिटनेस का एक उपहार साबित होगा। महान पर्वतारोही और पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित सुश्री बछेंद्री पाल के नेतृत्व में 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के महिला प्रतिभागियों के लिए यह अनूठा अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। सुश्री बछेंद्री पाल ने इस अभियान के संदर्भ में सेल चेयरमेन श्रीमति सोमा मण्डल को जानकारी देते हुए पत्र लिखा कि श्रीमति सविता धापवाल का चयन भारत के विभिन्न प्रदेशों से चयनित 10 सर्वोच्च पर्वतारोही महिलाओं में किया गया है।



भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने आज 22 फरवरी 2022 को श्रीमती सविता धापवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए सफल अभियान की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) के के सिंह भी उपस्थित रहे।
इस अभियान और फिटनेस पार्टनर के रूप में टाटा मोटर्स और टाटा स्पोट्र्स क्लब तथा भारतीय सेना द्वारा समर्थित, फिट@50+ महिला ट्रांस हिमालयन अभियान फिट इंडिया बैनर के तहत युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस सम्पूर्ण अभियान को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में समर्पित किया गया है।

जैसे-जैसे विश्व स्तर पर जीवन काल में वृद्धि हुई है, 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को विभिन्न गतिविधियों में प्रभावी ढंग से शामिल करना महत्वपूर्ण हो गया है। यह अभियान जो पिछले साल मई में शुरू होना था, लेकिन वैश्विक महामारी के कारण स्थगित करना पड़ा, सभी आयु वर्ग की महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक जीवन में फिटनेस गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
टीम के सदस्यों को पूरे भारत से लिया गया है जिसमें सेवानिवृत्त पेशेवर और गृहिणी शामिल हैं। 10 सदस्यीय टीम में तीन महिला एवरेस्ट विजेता भी शामिल हैं। 5 महीने लंबा फिट@50+ महिला ट्रांस हिमालयन अभियान 8 मार्च 2022 को अरुणाचल प्रदेश से शुरू होने वाला है और यह लगभग 37 पहाड़ी दर्रों से होते हुए गुजरेगा। यह अभियान अरूणाचल प्रदेश से प्रारंभ होकर असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नेपाल, उत्तराखण्ड, हिमाचल और लेह-लद्दाख होते हुए 16,608 फीट ऊंचाई पर स्थित कारगिल के टाईगर हिल में समाप्त होगा।

इस अभियान की 10 सदस्यीय महिला टीम की लीडर हैं सुश्री बछेंद्री पाल (67 वर्षीय- जमशेदपुर-झारखंड)। इसके अतिरिक्त इस टीम की अन्य सदस्य हैं:-श्रीमति सविता धापवाल (52वर्षीय-भिलाई-छत्तीसगढ़), चेतना साहू (54 वर्षीय-कोलकाता-पश्चिम बंगाल), शामला पद्मनाभन (64 वर्षीय-मैसुर-कर्नाटक), गंगोर्ती सोनेजी (62 वर्षीय-बड़ौदा-गुजरात), चैला जागीरदार (63 वर्षीय-पालनपुर-गुजरात), पायो मुर्मू (53 वर्षीय-जमशेदपुर-झारखंड), डॉ सुषमा बिस्सा (55 वर्षीय-बीकानेर-राजस्थान), मेजर कृष्णा दुबे (59 वर्षीय-लखनऊ-यूपी), और बिंबला देवस्कर (55 वर्षीय- नागपुर-महाराष्ट्र)।




