दुर्ग रेंज के पाँच जिलों में चिटफंड के 130 प्रकरणों पर कार्रवाई तेज, संपत्ति नीलाम कर लौटाई जा रही निवेशकों की डूबत रकम, तीन जिले के निवेशकों को हो चुकी लाखों की रकम वापसी

07bh-10.jpg


भिलाईनगर। पुलिस के दुर्ग रेंज में आने वाले पांच जिलों में चिटफंड कंपनियों पर दर्ज कुल 130 प्रकरणों में निवेशकों की डूबी हुई खून पसीने की कमाई के वापसी की कार्रवाई जारी है। अलग-अलग कंपनियों से कुर्क की संपत्तियों को नीलाम कर निवेशकों को रकम लौटाई जा रही है। अब तक बालोद और कबीरधाम को छोड़ बाकी के तीन जिले दुर्ग, राजनांदगांव व बेमेतरा में निवेशकों को लाखों रुपए लौटाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।


ठगी के शिकार निवेशकों को चिटफंड कंपनियों में डूबी रकम की वापसी को लेकर राज्य सरकार के मंसूबे को साकार करने दुर्ग रेंज पुलिस की संजीदगी देखते बन रही है। आईजी ओपी पाल के निर्देश पर रेंज के पांचों जिले दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद और कबीरधाम में चिटफंड कंपनियों पर सिकंजा कसने में कोई मुरव्वत नहीं बरती जा रही है। चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टर सहित अन्य पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी संपत्तियों की कुर्की के बाद नीलामी प्रक्रिया अपनाकर रकम जुटाया जा रहा है। इस रकम को चरणबद्ध तरीके से निवेशकों को लौटाने का क्रम जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार अकेले दुर्ग जिले में ही 40 चिटफंड कंपनियों के खिलाफ 51 प्रकरण दर्ज है। जिसमें 45 प्रकरणों में पुलिस ने चालान पेश किया है। कुल 3622 निवेशकों से 58 करोड़ 13 लाख 48236 रुपए की ठगी हुई है। दुर्ग पुलिस ने अब तक अलग-अलग कंपनियों के 110 डायरेक्टर व 8 पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। जबकि 87 फरार हैं। कुर्की के दो प्रकरणों में निवेशकों को 23 लाख 91 हजार रुपए वापस कर दिए गए हैं। वहीं 46 लाख 85104 रुपए वापसी की प्रक्रिया में है।
बात करें राजनांदगांव जिले की तो यहां पर 25 चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कुल 31 प्रकरण दर्ज है। जिसमें से 29 मामलों में चालानी कार्रवाई हुई है। राजनांदगांव जिले में अलग-अलग कंपनियों ने 31 हजार 926 निवेशकों से 47 करोड़ 35 लाख 11273 रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। यहां अलग-अलग कंपनियों के 88 डायरेक्टर और पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि 68 फरार हैं। पुलिस ने कुर्की के बाद 10 करोड़ 13 लाख 38735 रुपए अर्जित कर 16796 निवेशकों को वापस किया है। वहीं दो प्रकरणों में नीलामी की प्रक्रिया बाकी है।


इसी तरह बालोद जिले में कुल 15 कंपनियों के खिलाफ 21 प्रकरण दर्ज है। जिसमें से 19 प्रकरण में चालान पेश किया गया है। इस जिले में 32123 निवेशकों से एक अरब 35 करोड़ 60 लाख 67178 रुपए की ठगी की गई है। अलग-अलग कंपनियों के 57 डायरेक्टर और 8 पदाधिकारी गिरफ्तार हुए हैं। जबकि 37 डायरेक्टर व 7 पदाधिकारी फरार हैं। बालोद में संपत्ति कुर्की और नीलामी का आंकड़ा निरंक है।


बेमेतरा जिले में 18 कंपनियों के खिलाफ दर्ज 21 प्रकरण में से 17 में चालान पेश किया गया है। इस जिले में 292 निवेशकों से एक करोड़ 28 लाख 90493 रुपए की ठगी हुई है। 48 डायरेक्टर और एक पदाधिकारी गिरफ्तार हुए तथा 51 डायरेक्टर व एक पदाधिकारी फरार हैं। यहां 21220 रुपए निवेशकों को लौटाई जा चुकी है।
कबीरधाम जिले में 4 कंपनियों के खिलाफ 6 प्रकरण दर्ज है। जिसमें से एक का चालान पेश किया गया है। यहां 7585 निवेशकों से 10 करोड़ 48 लाख 34407 रुपए की ठगी हुई है। पुलिस ने 15 डायरेक्टर को गिरफ्तार किया और 29 फरार हैं। कुर्की और नीलामी का आंकड़ा इस जिले में भी फिलहाल निरंक है।


scroll to top