के.के.सिंह सेल के निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन चुने गये

IMG-20220401-WA0987.jpg


भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निर्देशक के.के.सिंह आज निर्देशक कार्मिक एवं प्रशासन चुन लिये गये। आज सेल मुख्यालय नई दिल्ली में निर्देशक कार्मिक एवं प्रशासन के लिए चार अधिकारियों का दोपहर ढाई बजे साक्षात्कार हुआ। इस साक्षात्कार में के.के.सिंह के अलावा सुरेश चंद्र पाण्डेय, पवन वर्मा, मोहम्मद ईशान शमशी ने भाग लिया और साक्षात्कार के उपरांत सेल प्रबधंन ने निर्देशक कार्मिक और प्रशासन के पद पर के.के.सिंह को नियुक्त कर दिया है। के.के.सिंह भिलाई आने के पूर्व सेल में ही पदस्थ थे। उन्होंने 20 जनवरी, 2022 को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) के रूप में के के सिंह ने पदभार ग्रहण किया था।

विदित हो कि सिंह बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी टेक उपाधि प्राप्त करने के साथ ही उन्होंने इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी से मानव संसाधन प्रबंधन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। 1 जुलाई, 1967 को जन्मे कृष्ण कुमार सिंह ने, सेल में 8 जुलाई, 1988 को जुनियर मैनेजर के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र से अपना कैरियर प्रारंभ किया। 30 जून, 1996 को प्रबंधक के रूप में पदोन्नत हुए और ब्लूमिंग एण्ड बिलेट मिल में अपनी सेवाएं दी। तदोपरान्त 30 जून, 2001 को वरिष्ठ प्रबंधक के रूप में पदोन्नत होकर मानव संसाधन विकास विभाग में पदस्थ हुए। जहां वे 30 जून, 2005 को सहायक महाप्रबंधक बनाये गये।


सिंह 19 फरवरी, 2008 को नगर सेवाएं विभाग के तहत संचालित शिक्षा विभाग में चीफ एजुकेशन ऑफिसर के रूप में पदस्थ हुए। यहां रहते हुए 30 जून, 2010 को उपमहाप्रबंधक (शिक्षा) के रूप में पदोन्नत हुए। डीजीएम के रूप में ही शिक्षा विभाग से उनका स्थानान्तरण 18 अगस्त, 2011 को सीईओ सचिवालय किया गया। 30 जून, 2015 को उन्हें महाप्रबंधक के रूप में पदोन्नत किया गया। 18 फरवरी, 2017 को महाप्रबंधक के रूप में सेल के दिल्ली स्थित कारपोरेट ऑफिस के ऑपरेशन डायरेक्टरेट में पदस्थ किये गये। 1 मई, 2017 को के के सिंह कारपोरेट आफिस में सतर्कता विभाग के महाप्रबंधक बनाये गये। जहां 12 मार्च, 2018 को महाप्रबंधक प्रभारी बनाए गए।


सिंह, 16 नवम्बर, 2018 को पदोन्नत होकर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) बनाए गए। तदोपरान्त 26 अक्टूबर, 2019 को वे कॉर्पोरेट आफिस स्थानान्तरित किए गये जहां वे कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) के रूप में अपनी सेवाएं दी। 31 दिसम्बर, 2021 को उनका स्थानान्तरण कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र किया गया। आज 20 जनवरी, 2022 को सिंह ने बीएसपी के ईडी (पी एण्ड ए) के रूप में पदभार ग्रहण किया।


scroll to top