बीएसपी क्वार्टर में आगजनी से खाक हुआ घर का सामान, धुएं से बेहोश हुए दो बेटे, माँ ने माचाया शोर तब पड़ोसियों ने की मदद - Steel City Online News Portal

बीएसपी क्वार्टर में आगजनी से खाक हुआ घर का सामान, धुएं से बेहोश हुए दो बेटे, माँ ने माचाया शोर तब पड़ोसियों ने की मदद

9.jpg


भिलाईनगर। सेक्टर-8 के एक घर में शुक्रवार की देर रात अचानक आग लग गई। परिवार के सभी सदस्य घर पर सोए हुए थे। आग लगने से कमरे में पूरा धुआं भर गया। लेकिन, घर में सो रही मां की नींद खुल गई। उसने अपने दोनों बेटों को उठाने की कोशिश की, लेकिन धुएं के चलते वे दोनों बेहोश हो गए थे। माँ ने शोर मचाया तो पड़ोसियों की नींद खुली और वे मदद के लिए आगे आए। पड़ोसियों ने ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिस पर फायर ब्रिगेड की टीम ने रात में ही वहां पहुंचकर आग को बुझाया।


सेक्टर-8 सड़क 46 क्वाटर नंबर 3बी निवासी के.अनिता के घर पर आग लगी। के. अनिता अपने दोनों बेटों निखिल (21 साल) और अक्षत (12) के साथ घर पर सोई हुई थी। इसी दौरान घर में अचानक आग लगी। अब आग कैसे लगी। यह तो पता नहीं चला, लेकिन आग लगने से पूरे घर में धुआं भर गया। रात करीब तीन बजे के अनीता की नींद खुली तो घर में लगी आग को देखकर उसके होश उड़ गए।


उसने फौरन अपने दोनों बेटों को घर से निकालने के लिए जगाने की कोशिश की, लेकिन धुएं के चलते वे दोनों बेहोश हो गए थे। उसने पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा। आवाज सुनकर पड़ोसी जागे और मदद के लिए दौड़े। रात में ही एंबुलेंस को बुलाकर दोनों बेटों निखिल और अक्षत को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में कमरे में रखे कंप्यूटर और आलमारी जल गए। आलमारी में कपड़ों के अलावा अनीता के दोनों बेटों के सर्टिफिकेट भी थे। घटना में वे भी जल गए।


scroll to top