मदर्स मार्केट में सी मार्ट खोलने का प्रस्ताव पारित…. सामान्य सभा में उठा निगम की हाइवा से दुर्घटना में मौत का मामला….अन्य पिछड़ा वर्ग व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सर्वे का डाटा अनुमोदित

IMG-20220606-WA0591.jpg

भिलाई नगर 06 जून 2022 :- पावर हाउस चौक के समीप बने मदर्स मार्केट में राज्य शासन की मंशा के अनुरूप सी मार्ट का संचालन होगा। नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में आज इस संबंध में लाए गए प्रस्ताव को पारित किया गया। सदन में एक दिन पहले कोहका क्षेत्र में निगम की हाइवा वाहन से दुर्घटना में मौत का मामला भी उठाया गया। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सर्वे का क्वांटिफायबल डाटा का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।नगर निगम भिलाई की विशेष सामान्य सभा में आज घंटे भर के भीतर समाप्त हो गई। सभापति गिरवर बंटी साहू के आदेश पर सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई और 12 बजे से पहले ही सभा का समापन हो गया। इसमें रखे गए दोनों प्रस्ताव हल्के नोंकझोंक के बाद पारित कर दिए गए। पहला प्रस्ताव राज्य की जनसंख्या में अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सर्वे का क्वांटिफायबल डाटा के अनुमोदन बाबत था।

इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने बीपीएल परिवारों के सर्वे सूची में विसंगति का हवाला देकर अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग क डाटा को पुनरीक्षण के बाद अंतिम रूप देने का सुझाव रखा। उन्होने कहा कि अनेक लोग पात्रता के बावजूद छूट जाते हैं। इसलिए एक बार पुनः सर्वे किया जाना बेहतर होगा। एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी ने बताया कि सर्वे कार्य का पुनरीक्षण हो चुका है और जो सूची बनाई गई है उसे अनुमोदन कर शासन को प्रेषित किया जाना है। इस जवाब के बाद सभापति ने प्रस्ताव को पारित करने की घोषणा कर दी।

दूसरा प्रस्ताव राज्य स्तरीय सी मार्ट की स्थापना हेतु भवन एवं भूमि चयन करने का था। सी मार्ट का संचालन पावरहाउस चौक के पास प्रगति मार्केट का जीर्णोद्धार कर बनाए गए मदर्स मार्केट में किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे पहले पार्षद पीयूष मिश्रा ने पूछा की मदर्स मार्केट को सी मार्ट खोलने के लिए दिए जाने पर निगम की क्या फायदा होगा। जवाब में महापौर नीरज पाल ने बताया कि सी मार्ट का संचालन, प्रबंधन और रख रखाव छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा किया जाएगा। निगम इसके लिए मदर्स मार्केट के डोमशेड को 100 रुपए प्रति माह टोकन किराए पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सी मार्ट, राज्य शासन की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की महती योजना है। इसमें शिल्पियों, दस्तकारों एवं कुम्हारों तथा महिला स्व सहायता समूहों को द्वारा उत्पादित सामग्रियों का विक्रय होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने रविवार को कोहका के अवंति बाई चौक पर निगम की सफाई कार्य में संलग्न हाइवा वाहन के चपेट में आने से एक साइकिल सवार युवक की मौत का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि निगम के जिस वाहन से दुर्घटना हुई है उसका बीमा और पंजीयन खत्म हो चुका है। जवाब में आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा कि दुर्घटना से वे दुखी हैं। निगम प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ है। गाड़ी के दस्तावेजों की जांच करा ली जाएगी और मृतक के आश्रितों को यथासंभव मदद दिलाया जाएगा।दया ने लगाया खुर्सीपार के साथ सौतेला बर्ताव का आरोप

‌ भाजपा पार्षद दया सिंह ने सत्ता पक्ष पर खुर्सीपार क्षेत्र के साथ सौतेला बर्ताव करने का आरोप लगाया। उन्होंने सामान्य सभा में केवल दो प्रस्ताव रखे जाने पर नाराजगी जताई। दया सिंह ने कहा कि शहर की समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव को भी सामान्य सभा में स्थान दिया जाता तो बेहतर होता। उन्होंने कहा खुर्सीपार क्षेत्र में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। जन आक्रोश से बचने पार्षद अपने खर्चे से पानी की व्यवस्था करने मजबूर हैं। एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने दया सिंह की बात से सहमति जताते हुए आने वाले सामान्य सभा में उनकी भावना को सम्मान देने का आश्वासन दिया। सभापति ने भी दया सिंह को इस बात का भरोसा दिया।


scroll to top