हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी देगी राम जन्मोत्सव समिति. . पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने ली बैठक

IMG-20220806-WA0065.jpg

भिलाई नगर। श्रीराम जन्मोत्सव समिति, भिलाई की आवश्यक बैठक आज सेक्टर 9 में आहुत की गई। जिसमें समिति के संरक्षक, प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर हर- घर तिरंगा अभियान में समिति द्वारा बढ़- चढ़कर हिस्सा लेने पर चर्चा की गई। बैठक में यह तय किया गया कि देश की आजादी के 75वें वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत समिति द्वारा बाईक रैली एवं प्रभात रैली निकाली जाएगी।कार्यक्रम की शुरूआत भगवान हनुमान की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन कर की गई। तत्पश्चात समिति के संरक्षक प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष 15 अगस्त को देश, अपनी आजादी का 75वां आजादी महोत्सव मनाने जा रहा है। यह हम सभी भारतीयों के लिए गौरवांवित करने वाला क्षण है। श्री पाण्डेय ने कहा कि देश का राष्ट्रीय ध्वज, प्रत्येक भारतीय की आन- बान- शान है। इसी क्रम में श्रीराम जन्मोत्सव समिति आजादी के 75वें महोत्सव में हर- घर तिरंगा कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि जब किसी बच्चे के हाथ में यह झंडा होगा तो उसमें देशप्रेम की अलख जागृत होगी। समिति के प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने बताया कि हर- घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत समिति द्वारा 7 अगस्त को दीप उत्सव एवं पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। जो सुबह 6.30 बजे खुर्सीपार शिवालय से शुरू होगी। वहीं 8 एवं 10 अगस्त को सुपेला, वैशालीनगर एवं रिसाली क्षेत्र में पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 13 अगस्त को सेक्टर -1 से सेक्टर 9 चौक तक बाईक रैली का आयोजन किया जाएगा। बाईक रैली के समापन पर भारत माता की आरती एवं आर्केस्ट्रा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही समिति द्वारा शहीदों के परिवारजनों का सम्मान भी किया जाएगा।

समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि आजादी के इस अमृत महोत्सव में समिति का प्रत्येक सदस्य हिस्सा लेगा, साथ ही आमजनों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इस महोत्सव के तहत समिति का प्रत्येक सदस्य अपने घरों में तिरंगा झंडा लगायेगा। इस दौरान सभी के सभी सदस्य इस बात का विशेष ध्यान रखेंगे कि किसी भी प्रकार से झंडे का अपमान न हो और आमजनों को भी इसके प्रति जागरूक किया जायेगा।

बैठक में समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, जिलाध्यक्ष सेवकराम साहू, जिला महामंत्री मदन सेन, बसंत प्रधान, विष्णु पाठक, रविन्द्र भगत, दीपक मिश्रा, पार्षद धर्मेंद्र भगत, श्रीमती गिरीजा बंछोर, श्रीमती शकुंलता साहू, पार्वती साहू, रिंकू साहू, नितेश सिंह, राहुल भोंसले, आशीष चौधरी, गुलाब सिंह परमार सहित बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त उपस्थित थे।


scroll to top