भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 31 वाहन बरामद...बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग एवं भिलाई-भट्टी क्षेत्र को बनाया गया था निशाना - Steel City Online News Portal

भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 31 वाहन बरामद…बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग एवं भिलाई-भट्टी क्षेत्र को बनाया गया था निशाना

IMG-20260225-WA10831.jpg

भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 31 वाहन बरामद

▪️ वाहन चोरी के 31 प्रकरणों का खुलासा, कुल 31 दोपहिया वाहन जप्त
▪️ मुख्य आरोपी ई. पापा राव सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, अन्य संलिप्तों की तलाश जारी
▪️ बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग एवं भिलाई-भट्टी क्षेत्र को बनाया गया था निशाना
▪️ लगभग 31 लाख रुपये मूल्य के वाहन बरामद, विभिन्न थाना क्षेत्रों की घटनाएं उजागर

भिलाई नगर 25 फरवरी 2026:- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का विश्लेषण कर संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया।


भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में वर्ष 2024 से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं घटित हो रही थीं। विशेष रूप से बीएसपी के मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग तथा भिलाई-बट्टी क्षेत्र को आरोपियों द्वारा निशाना बनाया जाता था। थाना भिलाई नगर में पंजीबद्ध प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह स्वयं वाहन चोरी कर उन्हें कुंकुरी (जिला जशपुर) क्षेत्र में ले जाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से खपाता था। चोरी के वाहनों को मनोज राम एवं एम. राम सेवक पुजारी तथा अन्य सहयोगियों के माध्यम से बेचने की प्रक्रिया अपनाई जाती थी।

मुख्य आरोपी ई. पापा राव द्वारा भोपाल से मेकनिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा प्राप्त किया जाना भी प्रकाश में आया है। आरोपी प्रायः होंडा साइन एवं अन्य लोकप्रिय दोपहिया वाहनों को लक्ष्य बनाता था।

विवेचना के दौरान कुल 31 दोपहिया वाहन, अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये, जप्त किए गए हैं। इनमें भिलाई-भट्टी क्षेत्र की 13 गाड़ियां, छावनी थाना क्षेत्र की 3 गाड़ियां, रायपुर क्षेत्र की 2 गाड़ियां तथा 3 ऐसे दोपहिया वाहन शामिल हैं जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं पाए गए।

प्रकरण में संबंधित अपराध क्रमांकों के तहत धारा 303(2) BNS के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी जारी है।

घटना स्थल :
बीएसपी मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग एवं भिलाई-भट्टी क्षेत्र, जिला दुर्ग

आरोपी का नाम :

  1. ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर
  2. मनोज राम, निवासी कुंनकुरी, जिला जशपुर
  3. राम सेवक प्रजापति उर्फ़ रवि पl, निवासी कुंनकुरी, जिला जशपुर

जप्त सामग्री :

  1. कुल 31 नग दोपहिया वाहन (अनुमानित मूल्य लगभग 31 लाख रुपये)

सराहनीय कार्य :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल टीम एवं विशेष जांच दल की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा पार्किंग स्थल पर सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वाहन चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

—0000—


scroll to top