नेहरू नगर की सिवरेज पाईप लाईन नवीनीकरण के लिए 25.42 करोड़ स्वीकृत, विधायक रिकेश ने उप मुख्यमंत्री का माना आभार

भिलाई नगर, 27 जनवरी 2026:- नेहरू नगर क्षेत्र में जर्जर सिवरेज पाईप लाईन नवीनीकरण कार्य के लिए 25 करोड़ 42 लाख रूपये की स्वीकृति मिलने पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव का आभार व्यक्त किया है।

श्री सेन ने कहा कि सिवरेज पाइपलाइन नवीनीकरण एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रक्रिया है जो क्षेत्र के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए रीढ़ की हड्डी का काम करती है। समय के साथ पुरानी पाइप लाइनें अपनी क्षमता और मजबूती खो देती हैं, जिससे कई तरह की परेशानियां पैदा होती हैं।
नेहरू नगर में पुरानी पाइप लाइनें अक्सर 30-40 साल पुरानी होती हैं, जो उस समय की जनसंख्या के हिसाब से बिछाई गई थीं। अब उनको बदलना अनिवार्य हो गया था। क्षेत्र में श आबादी बढ़ने से सीवेज का लोड बढ़ गया और पुरानी और कम व्यास वाली पाइप लाइनें इसे नहीं झेल पा रही थीं। पाइप फटने से गंदा पानी जमीन के अंदर रिसता है, जो न केवल नींव को कमजोर करता है बल्कि पीने के पानी की पाइप लाइनों को भी दूषित कर सकता है।
लंबे समय से नेहरू नगर क्षेत्र में अक्सर पाइप चोक होने के कारण गंदा पानी मैनहोल से बाहर निकल कर सड़कों पर बहने लगता था। नई और बड़ी पाइप लाइन डलने से ‘बैक-फ्लो’ की समस्या खत्म होगी और सड़कें साफ रहेंगी।
राज्य शासन से उन्होंने अनेक ऐसे क्षेत्र की सिवरेज लाईन बदलने के लिए प्रस्ताव भेजा है। नेहरू नगर क्षेत्र के लिए 15वें वित्त आयोग से मिलियन प्लस सिटीज के टाईड ग्राण्ट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत सिवरेज पाईप लाईन नवीनीकरण कार्य कराये जाने हेतु 25.42 करोड़ की स्वीकृति मिली है, जो कि वैशाली नगर विधानसभा के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।



