सिलेंडर में वायर बांधकर ज्वेलरी शॉप में घुसा युवक..... 00 मानव बम की आशंका से सर्कुलर मार्केट में मची अफरा तफरी.... - Steel City Online News Portal

सिलेंडर में वायर बांधकर ज्वेलरी शॉप में घुसा युवक…..
00 मानव बम की आशंका से सर्कुलर मार्केट में मची अफरा तफरी….

IMG-20230102-WA0151.jpg


भिलाई नगर 02 जनवरी 2023 :! पावर हाउस सर्कुलर मार्केट में बीती रात बड़ी घटना होते-होते रह गई। एक युवक ज्वेलरी शॉप को उड़ाने सिलेंडर में वायर बांधकर घुस गया। मानव बम की आशंका से व्यस्त बाजार में इस तरह की हरकत से अफरा तफरी मच गई। युवक ने पहले ग्राहकों को बाहर निकाला और उसके बाद धमाका करने की चेतावनी देते अंदर घुस गया। यह देखने के बाद संचालक व युवक मे हाथापाई भी हुई। सूचना मिलने पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लेकर चली गई।


छावनी थाना क्षेत्र स्थिति सर्कुलर मार्केट पावर हाउस स्थित अभिषेक ज्वेलर्स की दुकान की यह घटना है। रविवार रात को दुकान में ग्राहकों की काफी भीड़ लगी थी। इस दौरान एक युवक गैस सिलेंडर में वायर बांध कर पहुंचा। उसने दुकान में घुसने से पहले सभी ग्राहकों को बाहर निकल जाने कहा। वह कह रहा था कि दुकान को उड़ाना है सभी बाहर निकल जाओ। इसके बाद वह भारी भरकम सिलेंडर के साथ दुकान में घुस गया। युवक साथ में एक सिरींज भी लाया था।


यह देख अभिषेक ज्वेलर्स के संचालक पवन सोनी सकते में आ गए। काउंटर छोड़ कर युवक को पकड़ लिया। इस दौरान युवक चिल्ला रहा था कि यह दुकान मेरी है। इसके बाद संचालक व युवक के बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद युवक दुकान संचालक को सीरिंज चुभाने की कोशिश भी कर रहा था। मौके से दुकान संचालक ने छावनी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। छावनी सीएसपी आईपीएस प्रभात कुमार का कहना है कि आपसी लेन देन के विवाद में डराने के लिए युवक सिलेंडर लेकर पावरहाउस के दुकान पहुंचा। सिलेंडर खाली था जिसे पुलिस के कब्जे में ले लिया है।। युवक की मंशा और तकनीकी जानकारी पर जांच जारी है।


scroll to top