साईं महाविद्यालय भिलाई में एड्स अवेयरनेस विषय पर सेमिनार का आयोजन - Steel City Online News Portal

साईं महाविद्यालय भिलाई में एड्स अवेयरनेस विषय पर सेमिनार का आयोजन

IMG-20230124-WA0631.jpg

भिलाई नगर 24 जनवरी 2023: साईं महाविद्यालय सेक्टर-6 भिलाई में आइक्यूएसी सेल एवं रेड रिबन क्लब के द्वारा एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉ शिप्रा सिन्हा, असिस्टेंट प्रोफेसर एंड एचऒडी, डिपार्टमेंट ऑफ जूलॉजी, कल्याण पीजी कॉलेज भिलाई उपस्थित रही़ं। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती जी की पूजा अर्चना की गई।

तत्पश्चात आइक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ ममता सिंह एवं प्राचार्य डॉ डी बी तिवारी द्वारा डॉ सिन्हा का स्वागत किया गया। प्राचार्य डी बी तिवारी द्वारा छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा गया कि भारत एचआईवी/एड्स उन्मूलन की दिशा में लगातार कठिन प्रयास कर रहा है। इस भयानक बीमारी ने देश की एक बड़ी आबादी को पूर्ण रूप से खत्म कर दिया है। आज पूरा विश्व एचआईवी संक्रमण को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहा है ताकि इस महामारी को जड़ से मिटाया जा सके। विगत 10 वर्षों में इस दिशा में सराहनीय प्रयास किए गए हैं, फिर भी आज हमारे सामने यह एक विकट समस्या है।

इसी प्रकार डॉ सिन्हा ने अपने व्याख्यान में एड्स संबंधी जानकारी व उनकी रोकथाम के उपाय बताएं और कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति जो किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं है, में एड्स के लक्षणों के आधार पर पहचान की जा सकती है। एचआईवी संक्रमण का अर्थ यह नहीं है कि वह व्यक्ति एड्स से भी पीड़ित हो। एड्स के लक्षण दिखने में 8 से 10 वर्ष तक का समय लग सकता है। एड्स की पुष्टि चिकित्सकों द्वारा जांच के पश्चात ही की जा सकती है। एचआईवी संक्रमण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को इस हद तक कम कर देता है कि इसके बाद शरीर अन्य संक्रमण से लड़ पाने में अक्षम हो जाता है। यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को इतना दुष्प्रभावित कर देता है कि इस गंभीर बीमारी की रोकथाम या इसका उपचार करना आवश्यक हो जाता है।

कार्यक्रम में विश्व एड्स दिवस 1 दिसंबर 2022 एवं 23 जनवरी 2023 को रेड रिबन क्लब के द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन श्रीमती अर्पिता मुखर्जी, सहायक प्राध्यापक बायोटेक्नोलॉजी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रेड रिबन क्लब के सदस्यगण डॉ प्रतिभा गुमास्ता, डॉ दामिनी विश्वकर्मा सहित श्रीमती शीतल देवतारे एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संचालन में महाविद्यालय प्रबंधन समिति एवं रेड रिबन क्लब के स्टूडेंट मेंबर्स का संपूर्ण सहयोग रहा।


scroll to top