भिलाई नगर 29 जनवरी 2023। देश की राजधानी नई दिल्ली में इस वर्ष 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के प्रख्यात लोक वाद्य संग्राहक और लोक कलाकार रिखी क्षत्रिय ने तीन राज्यों का नेतृत्व करते हुए केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्रालय की ओर से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की झांकी का निर्माण करवाया। रिखी के साथ छत्तीसगढ़,झारखंड और ओडिशा के कलाकार शामिल थे। गणतंत्र दिवस के उपरांत रिखी और उनके समूह में शामिल लोक कलाकारों को राष्ट्रपित द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई विशिष्ट हस्तियों से मिलवाया गया।

गणतंत्र दिवस के उपरांत रिखी व उनके समूह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने ले जाया गया। जहां राष्ट्रपति मुर्मू ने दल के ओडिशा, छत्तीसगढ़ व झारखंड के कलाकारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। रिखी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने उनसे उनके लोक वाद्य संग्रह की जानकारी ली तथा लोक कला के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की।





राजपथ पर झांकी के उपरांत देश भर के लोक कलाकारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चाय पर आमंत्रित किया था। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा केंद्रीय मंत्रिगण बाबूलाल मरांडी, रेणुका सिंह व अनुराग ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। यहां रिखी व उनके समूह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर हासिल हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने रिखी और उनके समूह की हौसला अफजाई की तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की झांकी की तारीफ की।







