महाष्टमी पर माता के महागौरी स्वरूप की पूजा कर हवन कुंड में दी आहुति….. माता प्रतिमा को अर्पित किया गया सोलह श्रृंगार और चुनरी…. नौ कन्या पूजन के साथ जगह – जगह हुआ भोग भंडारा का आयोजन….

IMG-20250405-WA16362.jpg

महाष्टमी पर माता के महागौरी स्वरूप की पूजा कर हवन कुंड में दी आहुति
00 माता प्रतिमा को अर्पित किया गया सोलह श्रृंगार और चुनरी
00 नौ कन्या पूजन के साथ जगह – जगह हुआ भोग भंडारा का आयोजन


भिलाई नगर 05 अप्रैल  2025:- इस्पात नगरी सहित आसपास के इलाके में चैत्र नवरात्रि महाष्टमी पर विशेष पूजा अर्चना और हवन पूजन किया गया। अनेक श्रद्धालुओं ने सपरिवार हवन कुंड में अपने कष्टों के निवारण के लिए खीर-पूरी, हलवा तथा नारियल का भोग चढ़ाया और मां दुर्गा के महागौरी स्वरुप की पूजा कर मनोकामना पूर्ति की कामना की। इससे पहले माता प्रतिमा को सोलह श्रृंगार और चुनरी अर्पित किया गया। अष्टमी हवन के बाद नौ कन्या भोज के साथ ही अनेक जगहों पर भंडारा आयोजित किया गया।


शहर में विराजित विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही हवन पूजन को लेकर समिति सदस्यों सहित भक्तों मे उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों में संपन्न हवन पूजन में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर माता के चरणों में आहुति दी। प्राचीन परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा के प्रिय लाल रंग के वस्त्र चढ़ाने के साथ लाल फूल, लाल चंदन, दीया और धूप आदि सामाग्री अर्पण कर पूजन किया गया। नवरात्रि के अष्टमी के विशेष महत्व को देखते हुए भक्तों ने पूरे दिन व्रत रख मां दुर्गा चालीसा का पाठ किया। देवी मंदिरों में माता के दर्शन और पूजन के लिए आज श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

नवरात्रि उपवास रखने वाले भक्तों ने नौ कन्याओं और ब्राह्मणों को भोजन कराकर स्वयं फलाहारी ग्रहण कर व्रत समाप्त किया।
चैत्र नवरात्रि पर सभी मंदिरों और घर-घर में मां दुर्गा की नवरुपों की उपासना किया गया। आज महाष्टमी पर देवी मां का सोलह श्रृंगार कर विशेष पूजा अर्चना कर हवन कराया गया। मंदिरों में आयोजित हवन में आहुति देने भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह जगह जगत जननी मां दुर्गा की जयकारा से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस्पात नगरी के प्रमुख मंदिर सेक्टर 6 बम्लेश्वरी मंदिर, महाराणा प्रताप भवन परिसर सेक्टर 7 आदि शक्ति जगदम्बा मंदिर, सेक्टर 1 शारदा मंदिर, सुपेला के शीतला मंदिर, पावर हाउस चौक के राज राजेश्वरी मंदिर, केम्प 2 के बैकुंठ धाम के दुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए हैं।


वहीं समीपस्थ गांवों में भी आस्था की ज्योति जल रही है। भिलाई-3 के शीतला और महामाया मंदिर में भी आज अष्टमी पर देवी प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना करने श्रृद्धालु सुबह से पहुंचते रहे।


scroll to top