कुम्हारी के रामपुर चोरहा में आधी रात को अधेड़ की हत्या
00 मृतक के चारों बेटों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ….

भिलाई नगर 18 अप्रैल 2025:- घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच कुम्हारी थाना क्षेत्र के रामपुर चोरहा गांव में आधी रात को एक अधेड़ की चाकू व डंडा मारकर किसी ने हत्या कर दिया। मृतक भागवत मारकंडे पिता इतवारी राम ( 55 वर्ष ) है। घर के बाहर लहूलुहान हालत में मिले भागवत मारकंडे को परिजनों ने एपेक्स अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण में मौत हो जाने की पुष्टि कर दी। मामले में कुम्हारी पुलिस मृतक के चारों बेटों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी, उसके मुखिया की हत्या हो जाने से वहां मातम पसर गया है। मृतक भागवत मारकंडे की हत्या क्यों और कैसे हुई, इसका पता लगाने कुम्हारी पुलिस लगी हुई है। भागवत मारकंडे के चार में से दूसरे नंबर के बेटे की 19 अप्रैल को शादी तय थी। पूरा परिवार इस शादी को लेकर खुश और उत्साहित था। लेकिन बीते रात लगभग साढ़े 11 बजे भागवत मारकंडे घर के बाहर बुरी तरीके से जख्मी हालत में पड़ा मिला। परिजनों की नजर पड़ी तो भागवत को कुम्हारी के एपेक्स अस्पताल पहुंचाया गया।


यहां पर चिकित्सकों ने उसकी हो जाने की पुष्टि कर दी। भागवत के गले में किसी तेजधार हथियार से वार किए जाने का निशान पाया गया है। शरीर के अन्य हिस्सों में डंडा मारने का भी निशान है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ किया। लेकिन घटना को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है। घटना की वजह पारिवारिक विवाद होने की आशंका है। लिहाजा पुलिस ने मृतक के चारों बेटों को हिरासत में ले लिया है।




