महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के छोटे भाई दीनानाथ सिंह का देहांत… युवराज सुधीर सिंह के पिता थे.. शनिवार 5 जुलाई को डोरीगंज छपरा में किया जाएगा अंतिम संस्कार…
छपरा- बिहार 04 जुलाई 2025:- महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के छोटे भाई दीनानाथ सिंह का निधन हो गया है। उनके निधन से सारण जिले में शोक की लहर है।उनके छोटे भाई बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की सूचना दी। दीनानाथ सिंह का एम्स में निधन हो गया। उनके निधन से समर्थकों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। दीनानाथ सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार 5 जुलाई को डोरीगंज छपरा में होगा।

सारण की सियासत में कद्दावर माने जाने वाले महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के अनुज दीनानाथ सिंह की जिंदगी की डोर गुरुवार को टूट गयी। पिछले छह माह से बीमार चल रहे दीनानाथ सिंह का एम्स में निधन हो गया। कलियुग में भी बड़े भाई के साथ भरत की भूमिका में खड़े दीनानाथ सिंह के बिछड़ने या यूं कहें कि साथ छोड़ने से प्रभुनाथ सिंह काफी आहत हैं।

गुरुवार की सुबह परिजनों के फेसबुक से जैसे ही 66 वर्षीय दीना सिंह के निधन की खबर लोगों को मिली मशरक बड़हिया टोला स्थित आवास पर शोक व्यक्त करने आम से खास तक बड़ी तादाद में लोग देर शाम तक पहुंचते रहे। मशरक आवास पर दीनानाथ सिंह के अनुज बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, मदन सिंह, उनके बड़े पुत्र युवराज सुधीर सिंह व राजू सिंह से मिल कर लोगों ने सान्त्वना देते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

मशरक स्थित आवास पर छपरा, सीवान, गोपालगंज, पटना के अलावा झारखण्ड से भी कई राजनेता व प्रमुख हस्ती, मुखिया, प्रखण्ड प्रमुख, पूर्व जिला पार्षद , पूर्व मुखिया, शिक्षक, व्यवसायी से लेकर पत्रकार उनके आवास पर पहुंचने वालों का ताता लगा हुआ है
सामान्य परिवार जन्मे दीनानाथ सिंह के पिता बासुदेव सिंह सहित उनके पड़ोस में लोग टायर गाड़ी व किसानी से जीवन यापन करते थे। चार भाई व एक बहन में दूसरे नम्बर पर रहे दीनानाथ सिंह ने वर्ष 1977 में उच्च विद्यालय मशरक से बोर्ड परीक्षा दी । 1980 से अपने बड़े भाई के साथ सामाजिक व राजनीतिक गलियारे में रहे। 1985 से लगातार अपने बड़े भाई के साथ सारण के राजनीतिक गलियारे में किंग मेकर की भूमिका में रहे। शोक व्यक्त करने के दौरान मौजूद लोगों ने कहा उन्होंने सैकड़ों युवाओ को प्रेरित कर रोजगार के लिए स्वावलम्बी बनाया परिवार को भी शिखर तक पहुंचाने में योगदान दिया है।उनके कुशल प्रबंधन से परिवार आज भी राजनीति में सक्रिय है।
दीनानाथ सिंह के निधन पर छपरा जिला परिषद एकमा भाग 2 के सदस्य अनिल सिंह उर्फ पप्पू ने शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है


