झमाझम बारिश ने इस्पात नगरी को किया तर-बतर
00 निचली बस्तियों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
00 शहर के दोनों महत्वपूर्ण अण्डरब्रिज हुए लबालब
भिलाई नगर 08 जुलाई 2025:- पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने इस्पात नगरी को तर-बतर कर डाला है। निचली बस्तियों में जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ही लोगों की चिंता बढ़ गई है। भिलाई शहर में पटरी पार आने जाने के लिए बने चंद्रा-मौर्या और प्रियदर्शिनी परिसर अण्डरब्रिज पानी से लबालब भर गए हैं। इसके चलते सुपेला अण्डरब्रिज पर ट्रेफिक का दबाव बढ़ गया है। फोरलेन सड़क पर भी कईं जगह पानी जमा हो गया है। इसके अलावा अंदरुनी इलाके की कुछ सड़कें और गलियां लगातार बारिश के चलते नाले में तब्दील सी हो गई है। दोपहर 1:00 बजे के बाद बारिश बंद होने से लोगों ने राहत की सांस ली।








बीते रविवार की रात से भिलाई – दुर्ग में बारिश हो रही है। आज भी सुबह से अनवरत बारिश की बौछारें पड़ रही है। लगातार तीसरे दिन बारिश ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कामकाजी लोगों को आज कार्यस्थल के लिए भरे बारिश का सामना करते हुए निकलना पड़ा।स्कूली बच्चों को भी बारिश की वजह से परेशानी उठानी पड़ी। शहर के अंदरूनी इलाकों की मुख्य सड़क से लेकर गलियों में पानी बहने से लोगों को कामकाज के सिलसिले में घर से निकलकर सड़क तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






भिलाई के चन्द्रा-मौर्या और प्रियदर्शिनी परिसर रेलवे अण्डरब्रिज में पानी भर जाने से आवागमन ठप्प रहा। इससे सुपेला अण्डरब्रिज सहित पावर हाउस और नेहरू नगर के ओवर व अण्डरब्रिज पर ट्रेफिक का दबाव काफी हद तक बढ़ गया है। भिलाई-3 के सिरसा गेट अण्डरब्रिज में भी पानी जमा होने से यातायात बाधित तो नहीं हुआ। लेकिन दुपहिया वाहन चालकों के साथ अण्डरब्रिज से गुजरने के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहा।
शहर की कुछ अंदरूनी सड़कों और गलियों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ। निचली बस्तियों में रहने वालों को भी बारिश ने अच्छा खासा हलाकान कर रखा है। सबसे बुरा हाल गदा चौक से घड़ी चौक की तरफ जाने वाले मार्ग का रहा। यहां जल भराव से पूरी सड़क पानी में डूब गई।



