हिस्ट्रीशीटर अमित जोश के जीजा ने अपने साथी के साथ बीएसपी कर्मी पर तलवार से किया हमला… पुलिस ने आरोपियों का शहर में निकाला जुलूस….
भिलाई नगर 19 जुलाई 2025:- पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्रीशीटर अमित जोश के जीजा ने अपने साथी के साथ सेक्टर-5 में बीएसपी कर्मी पर तलवार से हमला कर दिया। शुक्रवार रात की घटना के बाद जब मामला पुलिस के पास पहुंचा तो दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यही नहीं शनिवार को सीन रीक्रिएट कर दोनों बदमाशों का शहर में जुलूस भी निकाला गया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात लगभग 10:15 बजे सेक्टर-5 में यह घटना घटी। बीएसपी कर्मचारी चंद्रकांत वर्मा (35) सेक्टर-5 मार्केट में सामान लेने पहुंचे। इस दौरान दुकानें बंद हो चुकी थीं, इसलिए वे पास की पान दुकान पर खड़े थे। इस दौरान नशे में धुत दो बदमाश पहुंचे और दुकान बंद होने पर गाली गलौच करने लगे। इस दौरान बेवजह बीएसपी कर्मचारी चंद्रकांत से भिड़ गए और उस पर तलवार से हमला कर फरार हो गए।

घायल अवस्था में चंद्रकांत सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचा और अपने दोस्त को सूचना दी। इसके बाद उसने खुद की इस घटना की जानकारी भिलाई नगर थाना प्रभारी को दी। पुलिस ने जब जांच शुरु की तो पता चला कि हमला करने वाला कोई और नहीं बल्कि हिस्ट्रीशीटर अमित जोश का जीजा लकी जॉर्ज और उसका साथी यशवंत नायडू हैं। अमित जोश की पिछले साल पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई और दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने दोनों बदमाशों का जुलूस निकाला और उसके बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।


प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्र. 363/2025 धारा 109, 296, 351(3), 115 (2) बीएनएस. 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।




अपराध कायमी के चंद घंटे के भीतर आरोपियों को हिरासत में लेकर पुछताछ किया गया, जिन्होनें घटना घटित करना स्वीकार किये। घटना में प्रयुक्त अल्टो कार एवं दो नग धारदार तलवार को आरोपियों की निशानदेही पर विधिवत जप्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी –
आर. यशवंत नायडू 32 साल सेक्टर 05 भिलाई नगर
बी. लक्की जार्ज 31 साल सेक्टर 05 भिलाई नगर

