छोटे भाई ने  की मंझले भाई की हत्या… टंगिए की वार से रात भर घर में तड़पता पड़ा रहा युवक…. पुलिस के आने पर सुबह अस्पताल ले जाने पर हुई मौत….

IMG-20250810-WA1031.jpg

भिलाई-3 के डबरा पारा में भाई ने की भाई की हत्या
00 टंगिए की वार से रात भर घर में तड़पता पड़ा रहा युवक
00 पुलिस के आने पर सुबह अस्पताल ले जाने पर हुई मौत


भिलाई नगर 10 अगस्त 2025:- शनिवार की रात्रि शराब पीने के दौरान  विवाद के बाद छोटे भाई ने अपने ही मंझले भाई की टंगिए से वार कर हत्या कर दी। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा में दोनों भाईयों के बीच शनिवार रात को यह घटनाक्रम हुआ। लेकिन परिजन गंभीर रूप से घायल को अस्पताल लेकर नहीं गए। आज सुबह मोहल्ले वालों के जरिए पुलिस को सूचना मिली तो घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा दक्षिण में भाई ने भाई की हत्या कर दी। मृतक का नाम डामन  सिंह ठाकुर पिता स्वर्गीय नेम सिंह ठाकुर ( 27 वर्ष ) है। वहीं हत्या के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गया युवक शरद कुमार  ठाकुर पिता स्वर्गीय नेम सिंह ( 25 वर्ष ) है।

मृतक और आरोपी दोनों सगे भाई हैं। तीन भाइयों में मृतक डामन मंझला और आरोपी शरद ठाकुर छोटा है। इनका एक बड़ा भाई चंद्रशेखर ठाकुर है। इनके माता पिता का स्वर्गवास हो चुका है। तीनों भाई डबरा पारा दक्षिण में मौसी और मौसा के साथ एक घर में रह रहे थे। शरद के साथ पूर्व में सड़क हादसा हुआ था। जिसमें सिर पर चोट लगने से उसकी दीमागी हालत कुछ ठीक नहीं थी। इस वजह से वह कुछ काम नहीं करता था और अपने खर्चे के लिए भाईयों से पैसे मांगता रहता था। इसी बात पर कल रात शरद और डामन के बीच विवाद होने की संभावना जताई जा रही है।


बताया जाता है कि आज सुबह मोहल्ले वालों को डामन ठाकुर के घर पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। डामन के गले व चेहरे पर तेजधार हथियार से चोट के निशान और शरीर पर खून के धब्बों को देख पड़ोसियों ने परिजनों से पूछताछ की। इस पर उन्होंने गुमराह करते हुए बताया कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति ने आकर डामन ठाकुर पर हमला कर दिया है। बात थाने तक गई तो पुलिस ने मौके पर आकर सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि आपसी विवाद के चलते छोटे भाई शरद ने ही डामन पर टंगिए से वार किया है। इसके बाद शरद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और डामन को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल भिजवाया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


scroll to top