सेक्टर-6 सोसाइटी से जुड़े बीएसपी कर्मियों को मिलेगा 10 प्रतिशत लाभांश, सदस्यों में हर्ष….
62 वीं वार्षिक आमसभा में सर्वसम्मति से बजट का अनुमोदन, सुदृढ़ आर्थिक स्थिति की दी जानकारी

भिलाई नगर 24 अगस्त 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्मिकों की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित सहकारी संस्था इस्पात कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-6 भिलाई नगर की 62 वीं वार्षिक आम सभा रविवार को परशुराम भवन सेक्टर-2 में संपन्न हुई।
इस दौरान अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र ने संस्था की उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति के बारे में अपना वार्षिक प्रतिवेदन रखा। उन्होंने सभा को बताया कि वर्ष 2024-25 में सोसाइटी का सकल लाभ 5 करोड़ 36 लाख, 26 हजार 381 रूपए तथा शुद्ध लाभ 2 करोड़, 69 लाख 171 रूपए हुआ है। बेहतर वित्तीय परिणामों के आधार पर उन्होंने मौजूदा वित्तीय वर्ष में 10 प्रतिशत लाभांश वितरित करने की घोषणा की। सदस्यों ने इसका स्वागत करते हुए संस्था की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति पर हर्ष व्यक्त किया।

आमसभा में अंकेक्षित वित्तीय पत्रक वर्ष 2024-25 का अनुमोदन,वर्ष 2024-25 का देय लाभांश का अनुमोदन, कर्मचारियों को वर्ष 2023-24 के लिए माह अक्टूबर 2024 में किए गए एक्सग्रेशिया राशि भुगतान का अनुमोदन, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा पत्रकों का अंकेक्षण हेतु संपरीक्षक की नियुक्ति, वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन सहित कई अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।

अध्यक्ष श्री मिश्र बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक सोसाइटी की कुल अंश पूंजी 4 करोड़, 53 लाख , 56 हजार, 869 रूपए हो गई है। वहीं कुल अमानत 29 करोड़, 11 लाख, 18 हजार 650 रुपए हैं।
अध्यक्ष श्री मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में सदस्यों को कुल 16 करोड़, 85 लाख, 76 हजार रुपए का ऋण वितरित किया गया और 15 करोड़, 98 लाख, 95 हजार रुपए वसूली में हासिल हुए है। उन्होंने कुटुम्ब सहायक योजना का ब्यौरा देते हुए सदस्यों को बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 447 प्रकरणों में कुल 39 लाख, 27 हजार, 432 रुपए का भुगतान किया गया। इनमें दिवंगत हुए 8 सदस्यों का प्रकरण भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक सदस्य से उनके मासिक वेतन से कटौती कर राहत कोष का निर्माण किया गया है और इसमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक करोड़, 98 लाख, 63 हजार की राशि शेष है।

आमसभा के दौरान मंच पर संस्था की उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर,अमिताभ वर्मा व संचालक मंडल के सदस्यगण विनोद कुमार वासनिक,के. पी.चंद्राकर, हरिराम यादव, पवन कुमार साहू, नीरजा शर्मा, जैनेंद्र कुमार गहिने एवं संस्था के प्रतिनिधिगण शैलेश कुमार सिंह,सुनील कुमार शर्मा एवं तरुण कुमार ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक एम.मुरलीधर तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष श्रीमती इंदरजीत कौर ने किया।



