कैम्प  से एगरोल सेंटर संचालक दो सगे भाईयों का अपहरण…. यूपी पासिंग आर्टिका वाहन में लेकर भाग निकले आरोपी…. आरोपियों की तलाश में जुटी छावनी थाना पुलिस…

IMG_20250912_134811.jpg

एगरोल सेंटर संचालक दो सगे भाईयों का अपहरण
00 यूपी पासिंग आर्टिका वाहन में लेकर भाग निकले आरोपी
00 आरोपियों की तलाश में जुटी छावनी थाना पुलिस


भिलाई नगर 12 सितंबर 2025:- शहर में दो सगे भाईयों का अपहरण कर लिया गया है। अपहृत भाईयों में साईं नगर केम्प वन निवासी विष्णु प्रसाद साव ( 31 वर्ष ) और शुभम प्रसाद साव ( 27 वर्ष ) हैं। ये दोनों भाई केम्प वन के ही सुभाष चौक पर ठेला लगाकर एगरोल का धंधा करते हैं। यूपी पासिंग आर्टिका वाहन में आए तीन से चार लोगों ने एगरोल ठेला के पास से गुरुवार की रात लगभग 8 बजे दोनों भाई का अपहरण कर लिया है। वारदात के 18 घंटे बाद अपहरण करने वाले आरोपी और अपहृत भाईयों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामला लेन देन से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल छावनी थाना पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है।


जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात 8 बजे के आसपास सुभाष चौक केम्प वन में विष्णु प्रसाद साव और उसका छोटा भाई शुभम प्रसाद साव एगरोल ठेला पर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वहां पर एक आर्टिका वाहन आकर रुकी। आर्टिका से दो युवक उतरे और विष्णु प्रसाद साव का कालर पकड़कर घसीटते हुए गाड़ी के अंदर ले गए। यह देखकर शुभम प्रसाद साव पूछताछ करने लगा तो तीन से चार युवकों ने उसे भी उठाकर गाड़ी में डाल दिया और वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आर्टिका वाहन यूपी पासिंग है।

(शुभम प्रसाद साव)
( विष्णु प्रसाद साव )

नंबर प्लेट पर कीचड़ लगा होने से वाहन का नंबर नजर नहीं आ रहा था। जिस वक्त यह घटनाक्रम हुआ, वहां पर अपहृत भाईयों का चचेरा भाई हर्ष खड़ा था। थोड़ी दूर पर उनका मामा भी मौजूद था। जानकारी होते ही मामा ने बाइक में जलेबी चौक तक पीछा किया। लेकिन आर्टिका वाहन नजरों से ओझल हो चुकी थी। उसने तत्काल छावनी थाने में भांजों के अपहरण की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।


scroll to top