भिलाई में श्रीराम कथा महिमा का भव्य शुभारंभ, हजारों भक्तों ने किया श्रवण…
पूज्य राजन जी महाराज ने बताया – रामकथा से जीवन में आता है सकारात्मक बदलाव…

भिलाई में गूँजी भक्ति की ध्वनि, रामभक्त झूमे भजनों की मधुर धुन पर..
.भिलाईवासियों के बीच रामकथा सुनाने की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई – राजन जी महाराज
भिलाई नगर 12 सितंबर 2025:- आईटीआई मैदान, खुर्सीपार में जीवन आनंद फाउंडेशन भिलाई एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष/ पार्षद विनोद सिंह के संयोजन में आयोजित श्रीराम कथा महिमा का शुभारंभ भव्यता और श्रद्धा के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिन हजारों की संख्या में उपस्थित रामभक्तों एवं भिलाईवासियों ने पूज्य राजन जी महाराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान किया। कथा में अनेक विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से दुर्ग सांसद विजय बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेतागण, समाजसेवी एवं व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि शामिल हुए।
पूज्य राजन जी महाराज ने कथा के प्रारंभ में राम घाट और रामकथा वक्ताओं की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में कथा सुनाई है, परंतु लंबे समय से उनकी यह हृदय से इच्छा थी कि वे भिलाईवासियों के बीच आकर कथा कहें। उन्होंने कहा कि राम कथा का श्रवण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है, आत्मिक शांति प्रदान करता है और सामाजिक समरसता को मजबूत करता है।




कथा के दौरान महाराज जी ने भक्ति रस से ओतप्रोत कई सुप्रसिद्ध भजनों का गायन भी किया। इन भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और भक्तगण भक्ति रस में झूमते नजर आए। महाराज जी ने यह भी घोषणा की कि आगामी 13 सितंबर को भव्य शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका श्रद्धालु बड़ी उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।





आयोजक विनोद सिंह एवं उनके परिवार ने पूज्य महाराज जी का स्नेहिल स्वागत किया और कथा में पधारे सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। 9 दिनों तक चलने वाला यह आयोजन आने वाले दिनों में भी निरंतर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी रहेगा और भिलाई में धार्मिक व सांस्कृतिक माहौल को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।



