युवती की फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दे रहा था शख्स
00 शिकायत पर जामुल थाना पुलिस ने किया अपराध कायम
00 बांग्लादेश के नंबर से वाट्सएप कॉल कर मांग रहा था लोन की किश्त
भिलाई नगर 29 अक्टूबर 2025:- दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक युवती से साइबर ठगी हुई है। युवती ने मोबाइल पर लोन के लिए आवेदन किया जिसके बाद उसे बांग्लादेश के नंबर से वाट्सएप कॉल कर ठग लोन की किस्त भरने के नाम पर ब्लैकमेल करने लगे। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

आरोपी ने युवती को उसकी फोटो एडिट कर आपत्तिजनक बनाकर वायरल करने की धमकी दी और इससे डरी युवती ने 6 हजार रुपए भेज दिए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने साइबर एक्ट की अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने इंटरनेट पर विज्ञापन देखकर एक लोन एप डाउनलोड किया था। एप डाउनलोड करने के दौरान कई तरह के एक्सेस एप मांगता है। इसमें उसके मोबाइल का सारा एक्सेस ठगों के पास चला गया। एप के जरिए युवती ने लोन के लिए अपनी सारी जानकारी और दस्तावेज अपलोड कर दिए।
इसके बाद कुछ समय तक लोन की कोई रकम नहीं आई, लेकिन कुछ दिनों बाद उसे वाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आने लगी। कॉल करने वाला खुद को लोन कंपनी का प्रतिनिधि बताकर किश्त जमा करने का दबाव डालने लगा।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसे लोन की राशि मिली ही नहीं है, उसके बाद भी आरोपी लगातार फोटो को एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं और लगातार किश्त की मांग कर रहे हैं। युवती को आरोपी ने उसकी फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में तैयार किया और व्हाट्सएप पर भेज दिया।
ठग ने धमकी दी कि यदि उसने तुरंत भुगतान नहीं किया तो उसकी एडिट की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। धमकियों से डरकर युवती ने ठग के बताए अनुसार 6 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
एक बार पैसे भेजने के बाद आरोपी लगातार पैसे की मांग करने लगा। पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 67, 308(2), 318 (4) बीएन एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
जामुल थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है और इसे साइबर क्राइम सेल को आगे की जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ठग के मोबाइल नंबर और बैंक खाते के विवरण की जांच कर रही है।



