मस्तुरी गोलीकांड का बिलासपुर पुलिस ने किया खुलासा,02 अपचारी बालक सहित सात आरोपी गिरफ्तार….

IMG-20251029-WA1009.jpg

मस्तुरी गोलीकांड का बिलासपुर पुलिस ने किया खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर 30 अक्टूबर 2025:-  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तुरी में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से देशी पिस्टल, कट्टा, कारतूस, मोबाइल फोन और अन्य आपराधिक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई के चलते किया गया था। बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए मामले का खुलासा किया

इस बड़ी सफलता को बिलासपुर पुलिस की ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) और थाना मस्तुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई माना जा रहा है। टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर नकाबपोश हमलावरों की पहचान की और लगातार निगरानी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विवाद की पृष्ठभूमि जानकारी के अनुसार, मस्तुरी निवासी नितेश सिंह और आरोपी विश्वजीत अनंत के परिवार के बीच जमीन की खरीद-बिक्री, अतिक्रमण और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मस्तुरी और सिविल लाइन थानों में कई शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसी पुरानी रंजिश को लेकर विश्वजीत अनंत ने अपने भाइयों और साथियों के साथ नितेश सिंह और उसके सहयोगियों की हत्या की साजिश रची। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नितेश सिंह की दिनचर्या, आने-जाने के समय और बैठने की जगहों की रेकी पहले से कर रखी थी।


25 अक्टूबर को भी बना था हमला असफल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने 25 अक्टूबर को भी हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन मौके पर लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें योजना रद्द करनी पड़ी। इसके बाद आरोपियों ने 28 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर मस्तुरी जनपद पंचायत कार्यालय के सामने बैठे नितेश सिंह और उसके साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में नितेश सिंह के साथ मौजूद राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अपोलो अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां इनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार की गई है —
1️⃣ विश्वजीत अनंत पिता स्व. बलराम अनंत (29 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
2️⃣ अरमान उर्फ बलमजीत अनंत पिता स्व. बलराम अनंत (29 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
3️⃣ चाहत उर्फ विक्रमजीत पिता स्व. बलराम अनंत (19 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा
4️⃣ मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस पिता मोहम्मद मुख्तार (29 वर्ष), निवासी भारतीय नगर, वार्ड 24, सिविल लाइन, बिलासपुर
5️⃣ मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू पिता मोहम्मद मुख्तार (22 वर्ष), निवासी अटल आवास, कोनी
6️⃣ और 7️⃣ दो विधि से संघर्षरत किशोर जिनके नाम गोपनीय रखे गए हैं।

जप्त सामान

पुलिस ने आरोपियों से कुल 2 देशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 5 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, 10 बुलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से भी खाली खोखे और गोली के छर्रे मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए रायपुर भेजा गया है।


scroll to top