15 को भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा, प्रभारी मंत्री होंगे शामिल
-जिलों में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे व लगाए जाएंगे विशेष कैंप

भिलाईनगर 13 नवंबर 2025:- 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है इस वर्ष 2025 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। इस उपलक्ष्य में देशभर में 1 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पखवाड़े के समापन पर 15 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आशय की जानकारी पत्रकारों से चर्चा के दौरान अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष/ प्रवक्ता देवी देवलाल ठाकुर ने दीं

जिला भाजपा कार्यालय प्रियदर्शनी परिसर सुपेला में भारतीय जनता पार्टी भिलाई अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष/ प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने पत्रवार्ता में बताया कि इस दौरान सभी जिलों में प्रभारी मंत्री, जिले के प्रभारी सचिव, जनप्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय की उपस्थिति में विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

जनजातीय गौरव दिवस पर विद्यालयों, आश्रम छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय का वाचन, श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार और समाज के प्रमुख लोगों का सम्मान भी जिला स्तरीय कार्यक्रमों में किया जाएगा। साथ ही जनजातीय संस्कृति, कला, व्यंजन, हस्तशिल्प और विकास प्रदशर्नी भी आकर्षण का केंद्र होगी।

इन कार्यक्रमों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनजातीय हितैषी योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, जाति प्रमाण पत्र वितरण, और स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। श्री ठाकुर ने बताया कि शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और उत्तर छत्तीसगढ़ जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन प्रत्येक जिले में किया जाएगा, जबकि प्रदेश स्तरीय आयोजन अम्बिकापुर (जिला सरगुजा) में 19-20 नवंबर को होगा
इस अवसर पर भिलाई शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ,मीडिया प्रभारी सुभाष शर्मा, जिला प्रवक्ता प्रेमलाल साहू ,विजय सिंह, सूरज जायसवाल, विशेष रूप से उपस्थित थे।



