पिता के साथ बाइक पर जा रही विवाहिता की हादसे में मौत
00 खुर्सीपार तेलहा नाला के पास ठोकर मारकर भाग निकली ट्रेलर

भिलाई नगर 22 नवंबर 2025:- खुर्सीपार थाना क्षेत्र के आज सुबह फोरलेन सड़क पर तेलहा नाला के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बाइक को ठोकर मार दी। दुर्घटना की जिम्मेदार ट्रेलर मौके से भाग निकली। घटना में पिता के साथ बाइक के पीछे बैठी विवाहिता की मौत हो गई। मृतका साक्षी द्विवेदी ( 29 वर्ष ) का मायका पदुम नगर भिलाई-3 में है। उसकी शादी राजनांदगांव में हुई थी।

जानकारी के मुताबिक साक्षी द्विवेदी पदुम नगर भिलाई-3 से राजनांदगांव में ब्याही गई थी। कुछ दिन पहले उसकी छोटी बहन का एक्सीडेंट हो गया था। साक्षी अपनी उसी बहन को देखने राजनांदगांव से ट्रेन में भिलाई पावर हाउस स्टेशन पहुंची। अपने घर आने की जानकारी साक्षी ने पिता को पहले से दे रखा था। लिहाजा पिता उसे बाइक से लेने पावर हाउस स्टेशन गए थे। साक्षी के ट्रेन से उतरने के बाद पिता और पुत्री दोनों बाइक से पदुम नगर के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान तेलहा नाला के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से ठोकर मार दिया। इससे साक्षी सड़क पर गिर गई और ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। घटनास्थल पर ही साक्षी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया। खुर्सीपार पुलिस के द्वारा मामला कायम कर विवेचना में लिया है।


