ACB-EOW का छत्तीसगढ़ में 19 ठिकानों पर दबिश… शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास, व अनिल टुटेजा के परिजनों के घरों पर छापा… पूर्व विधायक के पोते के घर पर दबिश..

रायपुर 24 नवंबर 2025:- , राजधानी रायपुर सहित, भिलाई,अंबिकापुर, कोंडागांव, धमतरी सहित 19 ठिकानों पर। ACB-EOW टीम ने सुबह छापा मारकर जांच कर रही है।छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोंडागांव, भिलाई और अंबिकापुर में ACB-EOW की टीमों ने छापेमारी की है। शराब घोटाले और DMF से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ाते हुए टीमों ने रविवार तड़के करीब 19 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

DMF घोटाले में हरपाल सिंह अरोड़ा और उनसे जुड़े व्यक्तियों और ठेकेदारों के यहां रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, कोंडागांव, धमतरी और बलरामपुर मिलाकर 11 स्थानों पर सर्च की गई। वहीं शराब घोटाला प्रकरण में जेल में बंद अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों से जुड़े बिलासपुर, रायपुर, भिलाई और बस्तर के 8 ठिकानों पर छापे मारे गए।

पूर्व विधायक के पोते के घर छापा
रायपुर में लॉ-विस्टा कॉलोनी में कारोबारी और सप्लायर हरपाल अरोरा के निवास पर भी कार्रवाई हुई। नेहरू नगर पूर्व भिलाई में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। वहीं धमतरी की पूर्व विधायक जया बेन दोषी के पोते केतन दोषी के महालक्ष्मी ग्रीस स्थित घर में भी दबिश दी। केतन रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं। यहां करीब 4 घंटे तक जांच के बाद टीम कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गई।

इसके अलावा सरगुजा में EOW-ACB की टीम ने पशु चिकित्सक डॉ. तनवीर अहमद और अंबिकापुर के सत्तीपारा निवासी सप्लायर अमित अग्रवाल के ठिकानों पर रेड की। छापेमारी में डॉ. अहमद के घर से कैश और करोड़ों की कीमत के जमीन के दस्तावेज मिले हैं।

कोंडागांव में कारोबारी कोणार्क जैन के घर और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। कोणार्क जैन वर्ष 2019-20 में DMF सप्लाई कार्यों से जुड़े रहे थे। टीम ने यहां दस्तावेजों और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की है।
कोंडागांव में सरगीपाल रोड स्थित व्यवसायी कोणार्क जैन के घर से जांच टीम निकलकर चोपड़ा मेटल पहुंची। यहां दुकान बंद होने पर टीम ताला खुलवाकर अंदर जांच कर रही है। कार्रवाई डीएमएफ सप्लाई घोटाले से जुड़ी है।

पूर्व आबकारी आयुक्त के भाई के घर दबिश
आबकारी विभाग के रिटायर्ड अधिकारी निरंजन दास के भाई चितरंजन दास के जगदलपुर में मैत्री संघ स्थित आवास में दस्तावेज खंगाल गए। यहां घर के बाहर सुरक्षाबल तैनात किए गए थे।


बलरामपुर में व्यवसायी के घर रेड
बलरामपुर में व्यवसायी मनोज अग्रवाल घर भी कार्रवाई की गई। बस स्टैंड स्थित उनके घर को लॉक करके अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की। मनोज DMF सप्लायर हैं।
बिलासपुर में अनिल टुटेजा के भाई के घर छापा
बिलासपुर में रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा के भाई टुटेजा के घर भी टीम ने दबिश दी। दयालबंद और जगमल चौक के आसपास जांच हुई। यह कार्रवाई शराब और DMF घोटाले की जांच के तहत की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। एजेंसी ने बताया कि सभी जब्त सामग्री को जांच में शामिल किया जा रहा है और दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा ACB-EOW डराने-धमकाने और पैसा वसूलने का काम कर रही है। लोगों को फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है। यह कार्रवाई भाजपा नेताओं के यहां नहीं होती, न ही उनके व्यापारियों के घर एक्शन होता है। जिनसे वसूली हो सकती है, सिर्फ उन्हीं के यहां टीम पहुंचती है।
ACB- EOW ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि
ईओडब्ल्यू द्वारा डीएमएफ घोटाला एवं शराब घोटाला प्रकरण में राज्य के 19 स्थानो पर सर्च कार्यवाहीडीएमएफ घोटाला प्रकरण में ब्यूरो में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 02/2024 धारा 7, 12 भ्र.नि.अधि. 1988 यथासंशोधित 2018 एवं 420, 120(बी) भा.दं.वि. तथा शराब घोटाला प्रकरण में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 04/2024 धारा 7, 12 भ्र.नि.अधि. 1988 यथासंशोधित 2018 एवं 420, 467, 468, 471, 120(बी) भा.दं.वि. के अंतर्गत ब्यूरो द्वारा कुल 19 ठिकानों पर आज दिनंाक 23.11.2025 को सर्च की कार्यवाही की गयी। डीएमएफ घोटाला प्रकरण में हरपाल सिंह अरोड़ा एवं अन्य से जुड़े हुये व्यक्तियों/ठेकेदारों के रायपुर जिले में 04, बिलासपुर 02, सरगुजा 02, कोण्डागांव 01, धमतरी 01, बलरामपुर 01 कुल 11 स्थानों पर, इसी तरह शराब घोटाला प्रकरण में जेल में निरूद्ध आरोपी अनिल टुटेजा एवं निरंजन दास के परिजनों के बिलासपुर जिले में 04, रायपुर 02, दुर्ग 01, बस्तर 01 कुल 08 स्थानों पर सर्च कार्यवाही की गयी। कार्यवाही के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं इलेक्ट्रानिक साक्ष्य जप्त की गयी है। साक्ष्य अनुसंधान में शामिल कर अग्रिम विवेचना जारी है।



