बीएसपी कर्मी से सीजीपीएससी टॉपर बने यशवंत देवांगन को किया गया सम्मानित
भिलाई नगर 27 नवंबर 2025:- भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने 26 नवम्बर, 2025 को इस्पात भवन में हाल ही में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में टॉप करने वाले बीएसपी कर्मी यशवंत देवांगन को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संदीप माथुर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) जे. एन. ठाकुर, महाप्रबंधक (सम्पर्क प्रशासन एवं जनसम्पर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, अध्यक्ष (ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं सेफी) एन. के. बंछोर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री के. सुपर्णा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन कार्यालय) सौमिक डे, महासचिव (ऑफिसर्स एसोसिएशन) अंकुर मिश्रा, कोषाध्यक्ष (ऑफिसर्स एसोसिएशन) सौभाग्य रंजन साहू, सेफी नॉमिनी (ऑफिसर्स एसोसिएशन) अखिलेश मिश्रा सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यशवंत देवांगन भिलाई इस्पात संयंत्र के ईआरएस विभाग में इंजीनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया कि उनकी सफलता में भिलाई इस्पात संयंत्र का कार्य-संस्कृति आधारित सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि संयंत्र का अनुशासित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण उन्हें प्रभावी ढंग से कार्य करने और उसके बाद एक फ्री माइंड के साथ परीक्षा की तैयारी करने में सहायक रहा, जिसके परिणामस्वरूप वे इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सके।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने देवांगन से चर्चा करते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की चयन प्रक्रिया सक्षम एवं प्रतिभावान युवाओं को अवसर प्रदान करती है, और यह गर्व की बात है कि संयंत्र से जुड़े युवा अधिकारी अब सिविल सेवाएं जैसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने देवांगन को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संदीप माथुर ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि संयंत्र के लिए भी गौरव का विषय है।


