अरविंद सिंह खुराना बने भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के दुर्ग जिला अध्यक्ष

दुर्ग 19 दिसंबर 2025:- भारतीय जनता पार्टी द्वारा अरविंद सिंह खुराना को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का दुर्ग जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। खुराना लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन किया है।

पार्टी संगठन में उनकी पहचान एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में रही है। इससे पूर्व भी वे पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं से संवाद और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की उनकी शैली को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।


अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद समाज के लोगों और पार्टी पदाधिकारियों ने अरविंद सिंह खुराना को बधाइयां दीं। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज के विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।


नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह खुराना ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा अल्पसंख्यक समाज को पार्टी की मुख्यधारा से जोड़कर उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करेंगे।




