आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा डायरेक्टर इंचार्ज ट्राफी इंटर एलुमनी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

05.01.2026 को उद्घाटन समारोह का आयोजन

भिलाई नगर 04 जनवरी 2026:- ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं एस.सी. एंड सी.ए. के संयुक्त तत्वावधान में पंचम वर्ष डायरेक्टर इंचार्ज ट्राफी इंटर एलुमनी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता ’डायरेक्टर इंचार्ज ट्राफी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 05 जनवरी को सेक्टर-1 के क्रिकेट स्टेडियम में सायं 6.30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन डायरेक्टर इंचार्ज चितरंजन महापात्रा द्वारा किया जाएगा।
आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर मिश्रा ने बताया कि एग्जीक्यूटिव क्रिकेट की शुरुआत सबसे पहले 1986 में हुई थी तथा इंटर एलुमनी क्रिकेट की शुरुआत 1997 में हुई और इसका आयोजन जेईसी जबलपुर द्वारा किया गया था। वहां से विजेता टीम खेल विभाग के सहयोग से आगामी वर्षों में टूर्नामेंट का आयोजन करती आ रही थी। पिछले पांच वर्षों से ओए-बीएसपी द्वारा सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर के नेतृत्व में इस टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डीआईसी ट्रॉफी टूर्नामेंट 2024 में 17 टीमों में भाग लिया। इस वर्ष फाइनल मैच सीआईसीए एवं एनआईटी रायपुर की टीमों के मध्य खेला गया जिसमें सीआईसीए 18 रनों से मैच जीत कर डीआईसी ट्रॉफी की विजेता टीम बनी एवं एनआईटी रायपुर की टीम उपविजेता रही। इस वर्ष 2025-26 में फिर से 17 टीमों के 256 खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग लेंगे। डीआईसी ट्रॉफी टूर्नामेंट के मैच 6 जनवरी 2026 से प्रारंभ होंगे।
महासचिव अंकुर मिश्रा ने आगे बताया कि इस वर्ष भी इस टूर्नामेंट हेतु एक कमिटी का गठन किया गया है जिसमें जी पी सोनी को को-आर्डिनेटर बनाया गया है तथा राजूल कुमार पाण्डेय, संजीव कुमार सोनी एवं अलंकार भिवगड़े को सदस्य बनाया गया है।
इस प्रतियोगिता में निम्न टीमें शामिल होंगे -एनआईटी रायपुर, एनआईपीएम, आई एम ए, जीईसी जबलपुर, आईआईटी बी.एच.यू, आंध्र यूनिवर्सिटी, एनआईटी राउरकेला, बी आई टी सिंदरी, आईसीएआई/आईसीएमएआई, सी आई सी ए, जीईसी बिलासपुर, आईआईई, आरजीपीवी, आई आई एम एम, यू पी टी यू, वीआरसीई, आईआईएम।

