नेहरू आर्ट गैलरी में दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित चित्रों की प्रदर्शनी उद्घाटित
भिलाई नगर 06 जनवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित सिविक सेंटर, इंदिरा प्लेस स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में, दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित चयनित चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन 05 जनवरी 2026 को संध्याकाल मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) तापस दासगुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में गोल्डन एंपथी फाउंडेशन, भिलाई द्वारा विगत दिनों आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित चयनित चित्रों की प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया है।

मुख्य अतिथि तापस दासगुप्ता ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों में रुचि दिखाते हुए बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। आगंतुक पुस्तिका में उन्होंने उल्लेख किया कि दिव्यांग बच्चों की कलाकृतियाँ देखने योग्य और प्रेरणादायक हैं। उनकी रचनाएँ उनकी मेहनत, कल्पनाशीलता और क्षमता को स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, पूर्व महासचिव (बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन) परविंदर सिंह, उप-महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) श्रीमती अपर्णा चन्द्रा, एवं उप-प्रबंधक (जनसम्पर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया उपस्थित थे। इसके अलावा गोल्डन एंपथी फाउंडेशन से प्रदीप पिल्लई, श्रीमती सुभागा सुरेश, श्रीमती मृदुला शुक्ला, श्रीमती प्रतिभा पटेल, सुश्री मोनिका सिंह, प्रकाश देशमुख, डॉ. ज्योति पिल्लई, अजीत सिंह एवं राहुल चौरसिया सहित स्थानीय कलाकार भी उपस्थित थे। जनसंपर्क एवं सम्पर्क प्रशासन विभाग के अन्य कर्मचारीगण, कला प्रेमी, कलाकार तथा इस्पात नगरी भिलाई के आम नागरिक बी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर बाल-कलाकार द्वय तेजस रेड्डी एवं स्पन्दन सेनगुप्ता द्वारा गिटार एवं सिन्थेसाइज़र (कीबोर्ड) वाद्ययंत्रों पर मनमोहक सांगीतिक प्रस्तुति दी गयी जिसने दर्शकों व आगंतुकों का मन मोह लिया।

गोल्डन एंपथी फाउंडेशन एक सामाजिक संस्था है जो क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों के कल्याण, सशक्तिकरण एवं सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत है। इस प्रदर्शनी में फाउंडेशन द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई।



