उच्च न्यायालय से भूतपूर्व-सैनिकों को मिली बड़ी राहत, पुलिस विभाग को पद सुरक्षित रखने का आदेश!

बिलासपुर 13 जनवरी 2026:- मामला पुलिस विभाग में चल रही आरक्षक-भर्ती से संबंधित है, जिसके याचिकाकर्ता सतपाल सिंह, दिनेश कुमार साहू एवं अनिल कुमार सिन्हा हैं, जो कि भूतपूर्व-सैनिक हैं। समस्त पात्रता रखते हुए वे भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए, दस्तावेज़ जांच के पश्चात दुर्ग जिले में शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की और लिखित परीक्षा में भी शामिल हुए।

लेकिन 09-12-2025 को दुर्ग जिले से जारी की गई चयन-सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया, जबकि उन उम्मीदवारों को चयन-सूची में रखा गया जिनके प्राप्तांक याचिकाकर्ताओं से कम थे। इसके विरुद्ध उच्च न्यायालय के समक्ष अधिवक्ता रुचि नागर के माध्यम से रिट याचिका दायर की गई।

इसकी सुनवाई 06-01-26 को न्यायाधीश पी. पी. साहू की एकलपीठ में हुई। न्यायालय के समक्ष याचिकाकर्ताओं का पक्ष रखते हुए दलील दी गई कि आयु सीमा के अंतर्गत रहते हुए और रोजगार पंजीयन होते हुए एवम भर्ती नियम-2007 के तहत पात्र होते हुए भी चयन सूची में याचिकाकर्ताओं का नाम शामिल नहीं किया गया है।
इसका संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय ने शासन को जवाब दायर करने का आदेश देते हुए, याचिकाकर्ताओं के पक्ष में एक-एक पद खाली रखने का आदेश दिया है।




