सेल स्थापना दिवस के अवसर पर भिलाई स्टील हाफ मैराथन के पोस्टर को जारी किया गया….

IMG-20260124-WA11502.jpg

सेल स्थापना दिवस के अवसर पर भिलाई स्टील हाफ मैराथन के पोस्टर को जारी किया गया

भिलाई नगर 24 जनवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित की जाने वाली भिलाई स्टील हाफ मैराथन 2026 के आधिकारिक पोस्टर को संयंत्र के निदेशक प्रभारी  चित्त रंजन महापात्र ने सेल के स्थापना दिवस, 24 जनवरी 2026 के अवसर पर जयन्ती स्टेडियम में आयोजित ‘रन फॉर सेल’ कार्यक्रम के दौरान जारी किया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान), सीएमएलओ श्री कमल भास्कर तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट), सीएमएलओ श्री अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधकगण एवं क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

संयंत्र द्वारा खेल, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में रविवार, 08 फरवरी 2026 को भिलाई स्टील हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्टील सिटी भिलाई के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर होने के साथ-साथ देशभर के धावकों एवं फिटनेस प्रेमियों के लिए एक प्रेरणादायी मंच प्रदान करेगा।

हाफ मैराथन में तीन प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणियाँ— 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर निर्धारित की गई हैं। 21 किलोमीटर ओपन श्रेणी में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए दो आयु वर्ग 18 से 45 वर्ष तथा 46 वर्ष से अधिक रखा गया है। वहीं 10 किलोमीटर एवं 5 किलोमीटर की श्रेणियाँ छत्तीसगढ़ राज्य के निवासियों के लिए निर्धारित की गई हैं, जिनमें पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के आयु वर्ग 18 से 45 वर्ष तथा 46 वर्ष से अधिक – दो वर्ग हैं।

खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 21 किमी, 10 किमी एवं 5 किमी की सभी श्रेणियों में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए पृथक-पृथक आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

हाफ मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। आयोजन हेतु एक समर्पित वेबसाइट स्थापना दिवस की शाम को लॉन्च की जाएगी, जिसके माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पंजीकरण की तिथियों, आयोजन की विस्तृत रूपरेखा, मार्ग निर्धारण, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।


scroll to top