भिलाई टाउनशिप के 2 प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण एवं उन्नयन पूर्ण; नगरवासियों को समर्पित
भिलाई नगर 30 जनवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा भिलाई टाउनशिप में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में (पंथी चौक से नेहरू नगर फ्लाई ओवर तक) तथा मिराज सिनेमा से कोतवाली एवं ओपन एयर थियेटर तक के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य 30 जनवरी, 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

इस उपलक्ष्य पर लोकार्पण कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार द्वारा इन अवसंरचनात्मक विकास कार्यों को भिलाई टाउनशिप के नागरिकों को समर्पित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) उत्पल दत्ता ने किया।
उल्लेखनीय है कि इन मार्गों की चौड़ाई को पूर्व की 7 मीटर से बढ़ाकर 14 मीटर किया गया है, जिससे यातायात प्रवाह में व्यापक सुधार हुआ है।
पंथी चौक से नेहरू नगर फ्लाईओवर तक लगभग 1.70 किलोमीटर लंबे मार्ग पर कंक्रीट रोड डिवाइडर का निर्माण किया गया है, साथ ही आधुनिक विद्युत प्रकाश व्यवस्था भी स्थापित की गई है। इसके अतिरिक्त, इस मार्ग पर पाँच नई पुलियाओं का निर्माण भी किया गया है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी व साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से बनी रहने वाली ट्रैफिक जाम की समस्याओं से नागरिकों को राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।




