01 करोड़ 19 लाख रुपये की बीमा (एनपीएस) धोखाधड़ी का खुलासा …जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर राशि निकासी.. मुख्य आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260217-WA10421.jpg

01 करोड़ 19 लाख रुपये की बीमा (एनपीएस) धोखाधड़ी का खुलासा
▪️ जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर राशि निकासी
▪️ जाली मृत्यु प्रमाण पत्र एवं के.वाई.सी. दस्तावेजों का उपयोग
▪️ मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वैधानिक कार्यवाही जारी

भिलाई नगर 17 फरवरी 2026:-  एचडीएफसी लाईफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया कि राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से संबंधित खातों में फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर लगभग 01 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि अनुचित तरीके से निकाली गई है।

जांच में पाया गया कि आरोपीगणों द्वारा आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाते हुए जाली मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी आधार एवं अन्य के.वाई.सी. दस्तावेजों के माध्यम से बीमा दावा प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम से मृत्यु दावा प्रस्तुत किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए।

आरोपी राजेश कनोजिया, जो दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है, द्वारा एनपीएस निकासी के नाम पर ग्राहकों से आधार, पैन एवं बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत किया जाता था। जांच में यह भी पाया गया कि मृत्यु दावों में समान पते, अमान्य क्यूआर कोड युक्त प्रमाण पत्र, संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन जैसी अनियमितताएं थीं।

प्रकरण में एचडीएफसी लाईफ का पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर द्वारा भी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड करने एवं सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार करने की भूमिका पाई गई है।

मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अपराध क्रमांक : 74/2026
धारा : 316, 318, 336(2), 337, 338, 339, 340(2), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता

घटना स्थल :
थाना पाटन क्षेत्र एवं संबंधित एनपीएस खातों के माध्यम से ऑनलाइन माध्यम

आरोपी का नाम :

राजेश कनोजिया, 44 वर्ष, निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग

जप्त सामग्री :

  1. नगद राशि ₹10,000/-
  2. फर्जी दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य

सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना पाटन के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी एवं थाना स्टाफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया।

दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की बीमा अथवा पेंशन योजना से संबंधित जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतें तथा संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

—0000—


scroll to top