ओए-बीएसपी के “स्टील वूमेन रन 2026” से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का शानदार आगाज
उत्साह से सराबोर इस्पाती महिलाओं ने लगाई दौड़
भिलाई नगर 09 मार्च 2026:- रविवार का दिन सुबह 6.30 बजे से ही बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के प्रगति भवन में ढोल नगाड़ों के साथ एक उत्सव का माहौल बन चुका था। धीरे-धीरे इस आयोजन में महिलाओं की भीड़ बढ़ने लगी थी। अवसर था, बीएसपी के आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा प्रगति भवन, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अंतर्गत “स्टील वूमेन रन 2026” का।

इस आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत महिला अधिकारियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को बेहद उत्साहजनक व प्रेरणादायी बना दिया। इन महिलाओं के चेहरे पर एक नया जोश और जूनून दिखाई दे रहा था। बीएसपी के आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित “स्टील वूमेन रन 2026” की शुरूआत जुम्बा सत्र के साथ प्रारंभ हुआ। इस आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ (मेडिकल एवं हेल्थ सर्विसेस) डॉ. विनीता द्विवेदी सहित सभी प्रतिभागियों द्वारा बलून उड़ाकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आगाज किया।

तीन वर्ष पूर्व बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर के पहल एवं नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की परम्परा की शुरूआत की गई थी। इस कड़ी में ओए द्वारा बीएसपी के महिला अधिकारियों के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें इसकी पहली कड़ी के रूप में प्रगति भवन में 02 कि.मी. “स्टील वूमेन रन 2026” का आयोजन किया गया जिसमें कार्यरत महिला अधिकारियों ने बड़े उत्साह से अपनी भागीदारी दी।
सर्वप्रथम उपस्थित महिला अधिकारियों का स्वागत सेफी चेयरमेन एवं ओए अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आप सभी हमारे अनुरोध पर इस कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाया है। मैं पूरे ओए बिरादरी की ओर से आपका अभिनंदन करता हूँ। श्री बंछोर ने इस आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस्पात बिरादरी में नारी सशक्तिकरण तथा उनके आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए ऐसे मंच की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी ने इस आवश्यकता को साकार करते हुए सभी महिला अधिकारियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आप सभी के सहयोग से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विविध कार्यक्रम एवं आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

श्री बंछोर ने ओए-बीएसपी द्वारा महिलाओं के कल्याण तथा उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की संक्षिप्त जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति ओए की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने बताया कि ऑफिसर्स एसोसिएशन बीएसपी की वर्तमान कार्यकारिणी समिति में भी 10 महिला अधिकारियों को प्रतिनिधित्व प्रदान किया गया है। अंत में श्री बंछोर ने महिला अधिकारियों से आह्वान किया कि महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित उनके सुझाव सादर आमंत्रित हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. विनीता द्विवेदी ने महिला प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि ओए द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किया जा रहा यह प्रयास निश्चित ही प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऑफिसर्स एसोसिएशन, श्री बंछोर जी के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। डॉ. द्विवेदी ने महिला अधिकारियों से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ आगे बढ़ें और बिना किसी संकोच के अपनी बातों को उचित मंचों पर रखें। उन्होंने महिला दिवस के इस भव्य आयोजन के लिए टीम ओए को बधाई दी तथा ओए की महिला टीम को इस सफल और उत्कृष्ट आयोजन के लिए विशेष रूप से शुभकामनाएँ दीं।

ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर मिश्रा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर कहा कि बीएसपी की महिला अधिकारियों के सम्मान में ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित “स्टील वूमेन रन 2026” हमारे संगठन की महिला सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की यह दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं है, बल्कि यह उस आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व की ऊर्जा का उत्सव है, जिसे हमारी महिला अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यक्षेत्र में प्रदर्शित करती हैं। बीएसपी की महिला अधिकारी न केवल अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन कर रही हैं, बल्कि संगठन की प्रगति और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से उन्होंने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “स्टील वूमेन रन 2026” महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मबल और टीम स्पिरिट को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी महिला अधिकारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सशक्त भविष्य की कामना की।
“स्टील वूमेन रन 2026” के प्रारंभ में जुंबा सेशन के साथ वार्मअप किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिला अधिकारियों ने जुंबा सेशन का लाभ उठाने के पश्चात दौड़ के लिए बड़े उत्साह से अपना पोजिशन ले चुकी थीं, सिर्फ इंतजार था फ्लैग ऑफ का। सेफी चेयरमेन तथा ओए के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर सहित आयोजन के अतिथि के रूप में उपस्थित सीएमओ (मेडिकल एवं हेल्थ सर्विसेस) डॉ. विनीता द्विवेदी ने फ्लैग ऑफ कर दौड़ का शुभारंभ किया। झंडा दिखाने के साथ ही तालियों की गड़गड़ाहट तथा ढोल नगाड़ों के थाप के साथ नारी शक्ति दौड़ पड़ी। सड़कें के दोनो ओर खड़े लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौड़ के आयोजन में जहा फर्स्ट-एड एवं चिकित्सकों की व्यवस्था की गई थी वहीं प्रतिभागियों हेतु स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने तथा इसके समन्वय व संचालन में ओए-बीएसपी के महिला प्रतिनिधि सुष्मिता पाटला, विनिता वर्मा, डॉ. तनुजा आनंद, डॉ. नीला, नीरजा शर्मा, के. संगीता, पारूल दिवान, हिमानी, भूमिका वर्मा आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ (मेडिकल एवं हेल्थ सर्विसेस) डॉ. विनीता द्विवेदी तथा सेफी चेयरमेन व आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू उपस्थित थे। अतिथियों ने इस दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों तथा सभी वर्ग के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम का संचालन ओए जोनल प्रतिनिधि सुष्मिता पाटला ने किया। इस अवसर पर आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, सेफी नामिनी अखिलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष द्वय संतोष कुमार सिंह, रेमी थॉमस, सचिव द्वय प्रहलाद मौर्या व अनु पी तथा जोनल प्रतिनिधिगण एम ए आर शरीफ, निमेश गुप्ता, सुरेश चंद्र साहू, रोहित हरित, विकास सिन्हा, हरमोहन लाल सोनवानी, श्रवण कुमार शुक्ला, दिवाकर सिरमौर, सुरेश कुमार नागले, मिलिंद कुमार बंसोड़, विवेक सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।





