अवैध अफीम खेती एवं तस्करी प्रकरण में दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई – एक और आरोपी गिरफ्तार
ग्राम समोदा–झेनझरी में अवैध अफीम खेती प्रकरण में अब तक कुल 07 आरोपी गिरफ्तार
ढाबा में रेड कार्यवाही के दौरान अफीम डोडा चूरी बिक्री से प्राप्त ₹42,000 नगद बरामद

दुर्ग 16 मार्च 2026:- थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में दर्ज अपराध क्रमांक 247/2026 धारा 8, 18, 29 NDPS एक्ट के अंतर्गत ग्राम समोदा–झेनझरी में अवैध अफीम की खेती के मामले में दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
प्रकरण में पूर्व में विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर एवं छोटू राम को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके पश्चात 15.03.2026 को पुलिस द्वारा की गई रेड कार्यवाही में रणछोड़ राम उर्फ रणजीत एवं सुनील देवासी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अफीम डोडा (चुक्की) एवं नगदी राशि बरामद की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस रिमांड में लिए गए आरोपी विकास बिश्नोई के मेमोरेंडम कथन में यह तथ्य सामने आया कि राजस्थानी भोजनालय ढाबा, बंजारी माता मंदिर के पास, चिल्फी रोड ग्राम पालक, जिला कबीरधाम में संचालित ढाबा में आरोपी मदरूपा राम विश्नोई द्वारा अवैध रूप से अफीम डोडा चूरी की बिक्री की जाती है।
प्राप्त सूचना एवं मेमोरेंडम के आधार पर 16.03.2026 को पुलिस टीम द्वारा गवाहों की उपस्थिति में NDPS Act में निहित समस्त वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए उक्त स्थान पर रेड कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी के ढाबा के काउंटर से अफीम डोडा चूरी की बिक्री से प्राप्त नगदी ₹42,000 एवं एक मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
जांच के दौरान आरोपी मदरूपा राम विश्नोई के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया तथा निकटतम थाना बोड़ला जिला कबीरधाम को भी विधिवत सूचित किया गया। आरोपी के पास से मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त रकम पाए जाने के कारण प्रकरण में धारा 27(a) NDPS Act की वृद्धि की गई है। प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों एवं मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है
राजस्थानी भोजनालय ढाबा, बंजारी माता मंदिर के पास, चिल्फी रोड, ग्राम पालक, जिला कबीरधाम
▪️ आरोपी का नाम :
. मदरूपा राम विश्नोई, 45 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, गोदारो की ताणी, खायड़ा खुर्द, थाना ओसियां, जिला जोधपुर (राजस्थान)
▪️ जप्त सामग्री :
- नगद राशि ₹42,000
- एक मोबाइल फोन
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव एवं चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


