भिलाई इस्पात संयंत्र में आरकेएमआईटीआई नारायणपुर एवं आईआईटी भिलाई के विद्यार्थियों के लिए संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित..... - Steel City Online News Portal

भिलाई इस्पात संयंत्र में आरकेएमआईटीआई नारायणपुर एवं आईआईटी भिलाई के विद्यार्थियों के लिए संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित…..

IMG-20260318-WA1345.jpg

भिलाई इस्पात संयंत्र में आरकेएमआईटीआई नारायणपुर एवं आईआईटी भिलाई के विद्यार्थियों के लिए संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

भिलाई नगर 18 मार्च 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) एवं रामकृष्ण मिशन इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आरकेएमआईटीआई), नारायणपुर तथा भिलाई इस्पात संयंत्र एवं आईआईटी भिलाई के मध्य संपन्न समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अंतर्गत मानव संसाधन विकास केंद्र (ज्ञानार्जन एवं विकास), भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 12, 13 एवं 14 मार्च 2026 को विद्यार्थियों एवं फैकल्टी मेंबर्स के लिए संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 12 एवं 13 मार्च 2026 को आरकेएमआईटीआई, नारायणपुर के कुल 85 विद्यार्थियों एवं 10 संकाय सदस्यों ने संयंत्र का भ्रमण किया, जिनके साथ संस्थान के समन्वयक  सुनील कुमार एवं  रवि कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।

वहीँ 14 मार्च, 2026 को आईआईटी भिलाई के 27 विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने भी शैक्षणिक एवं औद्योगिक अवलोकन कार्यक्रम के अंतर्गत संयंत्र का भ्रमण किया, जिनके साथ संस्थान के समन्वयक डॉ. आशीष कुमार साहू उपस्थित थे।

संयंत्र भ्रमण से पूर्व प्रतिभागियों को एचआरडीसी में सेफ्टी विभाग द्वारा सुरक्षा वार्ता प्रदान की गई, जिसमें उन्हें संयंत्र में पालन की जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, सुरक्षा प्रक्रियाओं तथा परिचालन क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को सुरक्षा जूते एवं सुरक्षा हेलमेट भी उपलब्ध कराए गए।

संयंत्र भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों एवं फैकल्टी मेंबर्स को संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाइयों, जैसे ब्लास्ट फर्नेस–8, स्टील मेल्टिंग शॉप–3 तथा यूनिवर्सल रेल मिल का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक इस्पात निर्माण प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनकी शैक्षणिक जानकारी को औद्योगिक कार्यप्रणाली से जोड़ना था। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-2026 में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के 550 विद्यार्थियों को संयंत्र भ्रमण कराया जा चूका है, जो निर्धारित लक्ष्य 400 से अधिक है।

संबंधित विभागों के तकनीकी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उत्पादन प्रक्रिया, परिचालन पद्धतियों तथा संयंत्र में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को बड़े पैमाने पर इस्पात उत्पादन, शॉप-फ्लोर अनुशासन, प्रक्रिया समन्वय तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

संपूर्ण अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम का समन्वयन महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर–एल एंड डी)  संजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कनिष्ठ प्रबंधक (एचआर–एल एंड डी)  बी. आर. मसराम द्वारा किया गया।


scroll to top