शिवधाम में सजेगा माँ का दरबार नवरात्रि 19 से, सर्वत्र होगी जयमाता की गूंज
पाटन,18 मार्च 2026:- चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहा है। नौ दिनों तक शक्ति की भक्ति में डूबी रहेगी। ग्राम तुलसी (पाटन) में शिवधाम स्थित माँ महाकाली (अघोरेश्वरी) मंदिर में नौ देवियों की आराधना की तैयारी पूरी कर ली गई है। यहां 19 मार्च को प्रातः 11.47 बजे से घट स्थापना की जाएगी। 23 मार्च को प्रातः 11 बजे पंचमी श्रृंगार एवं संध्या साढ़े सात बजे से हवन पूजन होगा।

सप्तमी पर 24 मार्च को रात्रि साढ़े दस बजे से पूजन-हवन तथा 26 मार्च अष्टमी पर प्रातः दस बजे से पूजन हवन होगा 27 मार्च को नवमीं पर पूर्वान्ह साढ़े बारह बजे कन्या पूजन का कार्यक्रम होगा।
ज्ञात हो कि शिवधाम रायपुर से महादेवघाट, अमलेश्वर, मोतीपुर, झीट होते हुए पाटन मार्ग पर स्थित है। खारून नदी के किनारे स्थित इस तीर्थ स्थल में महादेव का विशाल शिवलिंग तथा परा निर्मित शिवलिंग भी प्राण प्रतिष्ठित है। महाकाली मंदिर में ज्योत प्रज्जवलित किए जाएंगे। राजधानी के विभिन्न देवी मंदिरों व शक्ति पीठों में 19 से नवरात्रि पर्व शुरू हो जाएगा।
ज्योत-जंवारों की स्थापना की गई है। महामाया मंदिर, काली मंदिर बंजारी मंदिर, शीतला मंदिर भद्रकाली मंदिर सहित अन्य देवी स्थलों की साज-सजावट की गई है। श्रद्धालुओं का महामाया मंदिर, रतनपुर, बमलेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़, चंद्रहासिनी मंदिर, रायगढ़ व दंतेश्वरी मंदिर, दंतेवाड़ा दर्शन के लिए रवाना होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।


