पुलगांव चौक पर हादसे में महिला की दर्दनाक मौत
00 केपीएस दुर्ग की कर्मचारी थी महिला
00 कार्य स्थल जाने के दौरान ट्रक ने कुचला

दुर्ग 26 दिसंबर 2025:- शहर के पुलगांव चौक पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला केपीएस दुर्ग में काम करती थी। सुबह स्कूल जाने निकली तो सड़क क्रास करते समय ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। इस मामले में पुलगांव पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केपीएस स्कूल दुर्ग की कर्मचारी कोलिहापुरी निवासी उत्तरा देशमुख ( 50 वर्ष ) शुक्रवार की सुबह अपने कार्य स्थल केपीएस स्कूल के लिए निकली। सुबह 7 बजे के करीब पुलगांव चौक पर भारी वाहन ने उसे ठोकर मार दी। हादसे में उत्तरा देशमुख की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा पुलगांव चौक पर तब हुआ जब राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पहुंचकर घटना निरीक्षण के पश्चात अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
भारी वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं
यह पुलगांव चौक पर हुई पहली घटना नहीं है। यहां पर पहले भी जानलेवा सड़क हादसे हो चुके हैं। ज्यादातर हादसों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही जिम्मेदार रही है। भारी वाहनों के व्यवस्थित परिचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी समझ से परे है। भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और यातायात नियंत्रण की कमी को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल फिर से उठने लगे हैं। इधर उत्तरा की मौत की खबर से उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिवार का कहना है कि उत्तरा ही उनके घर की रोजी-रोटी का मुख्य जरिया थी। इस हादसे ने परिवार के समक्ष रोजी – रोटी की चिंता बढ़ा दी है।



