बर्थडे मनाने के दौरान उपजे विवाद में युवक की हत्या
00 नेवई में सरकारी स्कूल परिसर के अंदर आधी रात वारदात
00 अपचारी बालकों सहित छह लोगों ने ईंट पत्थर से मार डाला

भिलाई नगर 09 सितंबर 2025:- बर्थडे मनाने के दौरान उपजे विवाद के बाद पांच लोगों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक का नाम रोहन ठाकुर उर्फ मंकी बताया गया है। नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत एचएससीएल कॉलोनी के सरकारी स्कूल में आधी रात को यह वारदात हुआ। हत्या में तीन अपचारी बालकों सहित छह आरोपियों का नाम सामने आया है। विवाद के बाद सभी ने मिलकर ईंट पत्थर मारकर युवक की हत्या कर दी। नेवई पुलिस ने दो अपचारी बालक सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया। वहीं एक अपचारी बालक सहित दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना रात्रि साढ़े 11 से 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई- दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर,नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी,नेवई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमलभान सिंह सेंगर पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। श्री तिवारी ने बताया कि देर रात एचएससीएल कॉलोनी के एक स्कूल में नाबालिग किशोर का बर्थडे मनाने के लिए कुछ युवक एकत्रित हुए थे। स्कूल परिसर के गेट में ताला लगा होने के बावजूद दीवार फांद कर सभी अंदर पहुंचे थे। जन्मदिन का केक आदि काटे जाने के बाद रोहन कुमार ठाकुर उर्फ मंकी का अन्य मौजूद युवकों के साथ विवाद हो गया। मामूली विवाद के बढ़ने पर युवकों के द्वारा रोहन ठाकुर के ऊपर जमकर जानलेवा हमला करते हुए पिटाई कर दी गई। उसके बाद ईंट व पत्थर से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया।


रोहन ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रात्रि में ही दो अपचारी बालक सहित चार आरोपी हिरासत में ले लिए गए। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों में एक अपचारी बालक है।
00 नशाखोरी का अड्डा बने सरकारी स्कूल
भिलाई – दुर्ग के ज्यादातर सरकारी स्कूल के परिसर नशाखोरी का अड्डा बन गए हैं। हत्या की इस ताजा घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है। सरकारी स्कूलों में रात के वक्त सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे रहती है। परिसर में बने चारदीवारी को फांदकर नशा करने वाले अंदर जाते हैं। ऐसा नहीं कि यह मरोदा के एचएससीएल कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल की ही कहानी है, बल्कि शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसे हालात बने हुए हैं। पुलिस खुले में शराबखोरी रोकने अभियान चलाती है। माना जा रहा है इसी वजह से स्कूल आदि के अंदर नशाखोरी की प्रवृत्ति बढ़ रही है।



