आंधी तूफान के बाद आज भी कईं इलाकों में बिजली आपूर्ति रही बाधित00 नल नहीं खुलने से पेयजल व दैनिक कार्यों के लिए हलाकान हुए लोग 00 शेष स्थानों पर आपूर्ति सामान्य बनाने जुटा बिजली महकमा।
भिलाई नगर 02 मई 2025:- गुरुवार को तेज आंधी और बारिश के बाद आज भी शहर के कईं इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, टाउनशिप में तेज आंधी और बारिश के बीच पूरी व्यवस्था चरमरा गई 24 घंटे से अधिक समय बीत गया है किंतु टाउनशिप के पाश सेक्टर 9 में अभी तक बिजली नहीं पहुंची है इसके चलते नल नहीं खुलने से लोगों को पेयजल सहित अपने दैनिक कार्यों के लिए हलाकान होना पड़ा। लोगों को नहाने धोने के लिए पानी नहीं मिल पाने से कामकाज के सिलसिले में घर से निकलने में दिक्कत हुई। कुछ इलाकों में बिजली नहीं होने से बुजुर्गों और बच्चों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ा। सेक्टर 9 जहां जिला पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अनेक संत प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों का निवास है इस सेक्टर में भी पिछले 24 घंटे से अधिक समय से विद्युत व्यवस्था का लोग इंतजार कर रहे हैं।

गुरुवार को आंधी-तूफान से बिजली टावरों, लाइनों को भारी क्षति हुई है। बिजली अमले ने चंद घंटों में कुछ इलाकों में आपूर्ति सामान्य कर दिया। कुछ स्थानों पर रात भर काम चलता रहा। बावजूद इसके आज भी शहर के अनेक हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली आपूर्ति वाली लाइन में पेड़ गिरने के सैकड़ों शिकायत दर्ज कर बारी बारी से निराकरण किया जा रहा है। जोरदार आंधी- तूफान के कारण विद्युत कंपनी के रायपुर, दुर्ग तथा राजनांदगांव क्षेत्र मे विद्युत खंभों और लाइनों को काफी नुकसान हुआ। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुयी।








बहुत सारी जगहों पर फीडर, खंभों, तारों पर पेड़ गिरने से टूट फूट भी हुई है। इस दौरान आंधी के वेग को लेकर लोग चर्चा कर रहे हैं कि उन्हें पहले इतनी तेज आंधी कब आयी ये याद नहीं आ रहा है। जांबाज विद्युत कर्मियों ने 2 घंटे के भीतर ही टूट -फूट की जगह तथा कारण खोजकर विद्युत आपूर्ति फिर चालू करने का काम कार्य प्रारंभ कर दिया। जिसके कारण ज्यादातर स्थानों पर रात गहराने के पहले ही उजाला हो गया। बिज़ली कर्मी रात भर काम करते रहे जल्दी से जल्दी शेष स्थानों पर आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास सतत जारी रहा। दुर्ग क्षेत्र मे 132 के वी तार टूटने से स्क्रैप यार्ड में आग भी लगी। जिसे अग्निशमन विभाग ने जल्दी बुझा दिया।

बिजली नहीं होने से गर्मी में आमजनों को दिनभर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से जहां घरों में उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया, वहीं व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। सार्वजनिक जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भर वार्डों में स्थिति और भी गंभीर हो गई। दुर्ग, भिलाई शहरी क्षेत्र सहित भिलाई-3 चरोदा और कुम्हारी व जामुल के अनेक वार्डों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने का समाचार मिला है।
भिलाई-3 के नूतन चौक में दोपहर तक नहीं लौटी बिजली
आंधी तूफान के बाद गुरुवार शाम साढ़े 4 बजे के आसपास भिलाई-3 के नूतन चौक इलाके में बिजली बंद हुई तो आज दोपहर3 बजे समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी थी। नूतन चौक के सुरभि विद्या मंदिर के पास बिजली ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। यहां पर आज दोपहर तक संधारण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय नागरिकों में बिजली विभाग के प्रति जबरदस्त आक्रोश देखा गया। लगातार 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बंद रहने से पीने का पानी तक नसीब नहीं हो सका। कामकाजी लोगों को अपने काम में जाने के लिए नहाने धोने का पानी नहीं मिल पाया। इसी तरह की स्थिति मानसरोवर कालोनी भिलाई-3 में भी बनी रही। यहां के लोग बिजली आफिस में पहुंचे तो उन्हें पता चला कि बिजली आपूर्ति बंद रहने की 70 से भी अधिक शिकायतों का बारी बारी से निराकरण किया जा रहा है। आज शाम तक सभी जगह बिजली आपूर्ति बहाल कर दिए जाने की संभावना है।



